Logo
Header
img

जम्मू-कश्मीर में सप्ताहांत में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना

जम्मू, 17 नवंबर (हि.स.)। सप्ताहांत में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना के बीच जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कश्मीर में घाटी में कड़ाके की सर्दी के साथ ही शीतलहर का प्रकोप जारी है। जम्मू संभाग में दिन में निकल रही धूप लोगों को रात और सुबह की सर्दी से राहत पहुंचा रही है। मौसम विभाग कार्यालय के अनुसार मुख्य रूप से शुक्रवार तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। कार्यालय ने कहा कि 19 नवंबर (दोपहर बाद) से 20 नवंबर (सुबह) तक कश्मीर संभाग के कई स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना है, विशेष रूप से कुपवाड़ा के ऊंचे इलाकों और मैदानी इलाकों में तथा बारामूला, बांदीपोरा, गांदरबल और श्रीनगर और बडगाम जिलों के कुछ हिस्से में। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में पिछली रात के 2.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष के इस समय के दौरान ग्रीष्मकालीन राजधानी में तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक था। पिछली रात के 4.7 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि कश्मीर के प्रवेश द्वार शहर के लिए तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था। उन्होंने कहा कि पहलगाम में पारा शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस था और दक्षिण कश्मीर रिसॉर्ट के लिए यह सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है। उन्होंने कहा कि कोकरनाग में पिछली रात के 3.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 3.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया और यह जगह के लिए सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अधिकारी ने बताया कि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात की तरह ही था। अधिकारी ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट के लिए तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकारी ने कहा कि कुपवाड़ा शहर में पारा शून्य से नीचे 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात 0.8 डिग्री सेल्सियस था। उन्होंने कहा कि उत्तरी कश्मीर के लिए यह सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इसी बीच जम्मू में पिछली रात के 11.7 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी के लिए यह सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम है। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस ऊपर), बटोत में 4.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे), कटरा में 10.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे) और भद्रवाह में 1.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे) दर्ज किया गया। साइबेरिया के बाद दुनिया की दूसरी सबसे ठंडी जगह लद्दाख के द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Top