जम्मू-कश्मीर में शनिवार से अगले दो दिनों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करने के चलते शनिवार से अगले दो दिनों में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में इस दौरान बादल छाए रहने के कारण उत्तर और मध्य कश्मीर में शीत लहर की स्थिति में सुधार हुआ है लेकिन दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में बीती रात तापमान गिरा है।
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर शहर में शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.1 डिग्री सेल्सियस, बारामूला जिले के गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.8 डिग्री सेल्सियस, काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग शहर में शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ शनिवार दोपहर से रविवार सुबह के बीच जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करने वाला है। उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर खासकर ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। अधिकारियों ने कहा कि गुलमर्ग, सोनमर्ग, गुरेज घाटी और मुगल रोड में भी हल्की बर्फबारी की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने कहा कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण रविवार तक न्यूनतम तापमान में सुधार होगा जिसके बाद रात के तापमान में फिर से 1-3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।