Logo
Header
img

राम रहीम को मिली 40 दिनों की पैरोल

रोहतक, 14 अक्टूबर (हि.स.)। साध्वी यौन शोषण के मामले में बीस साल की सजा काट रहे राम रहीम को एक बार फिर पैरोल की मंजूरी मिली है। इस बार राम रहीम को 40 दिनों की पैरोल मिली है। पैरोल के दौरान राम रहीम को सिरसा आश्रम में जाने की मनाही रहेगी।

माना जा रहा है कि इस बार राम रहीम यूपी के बागपत के अलावा अन्य डेरे में भी रुक सकता है। अभी जेल प्रशासन ने यह नहीं साफ किया है कि राम रहीम पैरोल पर बाहर कब आएंगे, चालीस दिनों की पैरोल की पुष्टि की गई है।

डेरे में चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए राम रहीम के पैरोल पर आने की चर्चा कई दिनों से बनी हुई थी। इससे पहले राम रहीम को फरवरी में 21 दिन की फरलो मिली थी और उसके बाद 30 दिन की फरलो मिल चुकी है।

राम रहीम ने तीन दिन पहले अपने वकीलों से जेल में मुलाकात की थी और उसके बाद पैरोल की अर्जी दी गई है। बताया जा रहा है कि राम रहीम को सिरसा स्थित डेरे में जाने की मनाही रहेगी।

Top