Logo
Header
img

भोपाल: नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

भोपाल, 13 दिसंबर (हि.स.)। राजधानी में नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल का मंगलवार को दूसरा दिन है। इसके चलते शहर के कई इलाकों से कचरा नहीं उठा तो गाड़ियां भी डोर-टू-डोर नहीं पहुंची। हालांकि, निगम ने अधिकांश वार्डों में वैकल्पिक व्यवस्था की है। उधर, निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी ने हड़ताली कर्मचारी नेताओं को आज बातचीत के लिए बुलाया है। ऐसे में संभावना है कि बातचीत किसी नतीजे पर पहुंच सकती है। अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निगम के कर्मचारी सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के पहले दिन शहर के अधिकांश इलाकों से कचरा नहीं उठा। न ही डोर-टू-डोर कचरा गाड़ियां पहुंची। पूरे दिन कर्मचारी सड़कों पर उतरे रहे। हालांकि, जलप्रदाय और फायर सेवाएं बहाल रही। संयुक्त मोर्चा अधिकारी-कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी अशोक वर्मा का कहना है कि पहले दिन हड़ताल पूरी तरह से सफल रही। गाड़ियां डोर-टू-डोर कचरा लेने नहीं निकली तो सीवेज-सफाई आदि व्यवस्था ध्वस्त हो गई। वाटर सप्लाई से जुड़े कई कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे। मंगलवार को भी कर्मचारी पूरे दम से मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि कमिश्नर ने आज बातचीत के लिए बुलाया है। इसके बाद हड़ताल पर कोई नतीजा निकल सकता है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया हड़ताल का समर्थन निगमकर्मियों की हड़ताल को कांग्रेस का भी साथ मिल गया है। पूर्व सीएम कमलनाथ और विधायक पीसी शर्मा ने कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराते हुए सरकार से जल्द पूरा करने की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने ट्विट भी किए हैं।
Top