Logo
Header
img

झारखंड में 21 जनवरी तक छाया रहेगा कोहरा

रांची, 19 जनवरी (हि.स.)। झारखंड में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला है। इस बीच राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में ठंड भी बढ़ी है। रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। सुबह से अभी दोपहर तक चारों तरफ कोहरा छाए हुए है, जिससे ठंड में थोड़ा इजाफा हुआ है। रांची मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे तक राजधानी समेत राज्यभर में मौसम सर्द रहेगा। इस दौरान कोहरा छाया रहेगा और हल्के बादल के छाने के भी आसार है, जो अगले 21 जनवरी तक छाए रहेंगे, जिसका असर राज्य के दक्षिणी भाग में अधिक होगा। रांची में तापमान में गिरावट आयी है। राजधानी रांची में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में सुबह में भी लोग गाड़ी की हेडलाइट ऑन कर चलते नजर आये। रांची में धूप नजर नहीं आ रही। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, बोकारो और खूंटी जिले में सुबह से कोहरा नजर आ रहा है। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा और लातेहार जिले में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम का मिजाज कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि मौसम शुष्क रहेगा। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस सिमडेगा का रहा जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस गिरिडीह में दर्ज किया गया।
Top