Logo
Header
img

श्री स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज 16 मार्च को आयेंगे रांची

रांची, 9 मार्च (हि.स.)। पुरी पीठ के वर्तमान शंकराचार्य श्री स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज 16 मार्च को रांची आयेंगे। उसके उपरांत संध्या 4 बजे से हरमू मैदान में विराट धर्मसभा को पूज्य शंकराचार्य जी संबोधित करेंगे, जिसमें पूरे झारखंड से 20000 भक्तजन शामिल होंगे। विराट धर्मसभा के समापन के बाद 20000 भक्तजनों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। पूज्य शंकराचार्य जी का प्रवास रांची में चार दिनों का है। इन चार दिनों में प्रथम दिन विराट धर्मसभा का आयोजन हरमू मैदान में है। दो दिन दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और एक दिन शाम में श्री जगन्नाथ मंदिर, रांची में संगोष्ठी का आयोजन होगा। शंकराचार्य जी 19 मार्च 2023 को संध्या चार बजे हटिया रेलवे स्टेशन से पुरी, उड़ीसा के लिए प्रस्थान करेंगे। आदित्य वाहिनी झारखंड के संयोजक शिशिर ठाकुर का कहना है कि पूज्य शंकराचार्य जी साल में 250 से अधिक दिनों तक भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में राष्ट्र, धर्म, वैदिक गणित, विज्ञान को लेकर आम जनमानस को संबोधित करते हैं। उनका कहना है कि पूज्य शंकराचार्य जी का ऐतिहासिक संभाषण आईआईएम अहमदाबाद, इलाहाबाद उच्च न्यायालय , आईआईटी कानपुर, आईआईटी बीएचयू , डीआरडीओ चेन्नई, एआईआईएमएस दिल्ली, आईआईएम कोलकाता, एनआईएएस आईआईएससी बेंगलुरु जैसे स्थानों पर हो चुका है। उल्लेखनीय है कि जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज ,पुरी पीठ के 145वें शंकराचार्य हैं।
Top