Logo
Header
img

हवाओं की बदली दिशाओं से साफ होने लगा आसमान, बढ़ रहा तापमान

कानपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मौसम का मिजाज लगातार दो दिनों से बदल रहा है और आसमान में छाये काले बादलों की आवाजाही में कमी देखी जा रही है। इसके साथ ही बारिश की भी गतिविधियां रुकी हैं। मौसम विभाग की मानें तो इसके पीछे हवाओं की दिशाओं में हुआ परिवर्तन कारण बन रहा है। हवाओं की दिशाओं में हुए परिवर्तन से तापमान में भी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि अभी तक बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आ रही थीं और हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व रही। इससे दशहरा के दिन से लगातार पांच दिनों तक कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हुई। इसके बाद दो दिनों से हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम हो गई हैं। इसके मौसम में परिवर्तन आया और हवाओं की इन दिशाओं के होने से आसमान में छाये काले बादल छटने लगे हैं और उनकी आवाजाही भी रुक गई है।

इसके साथ ही मौसमी गतिविधियां यानी बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं पर भी प्रभाव पड़ा है। इससे अब फिलहाल आगामी दिनों में बारिश की कोई संभावना होती नहीं दिख रही है। बताया कि 20 अक्टूबर के बाद बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र फिर से बनने की संभावना है। इसके बाद फिर से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी।

Top