Logo
Header
img

पर्वतीय राज्यों में गिरी बर्फ, बदरानीथ-केदारनाथ में बिछ गई सफेद चादर

नई दिल्ली, 11 फरवरी (हि.स.)। पिछले चौबीस घंटों के दौरान जम्मू- कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम में बर्फबारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। उत्तराखंड के बदरीनाथ और केदारनाथ में चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक विज्ञानी ने दी। इस मौसम विज्ञानी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले के राशेल गांव के अलावा अन्य चोटियों पर शुक्रवार को बर्फबारी हुई है। आज (शनिवार) भी पर्वतीय क्षेत्र की चोटियों पर बर्फबारी और आसपास वर्षा के आसार हैं। देहरादून-मसूरी समेत आसपास हल्की वर्षा हो सकती है। इस विज्ञानी का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाके में धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में आज 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। 12 फरवरी से उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में दिन-रात के पारे में गिरावट आ सकती है। बिहार में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है।
Top