Logo
Header
img

हिमाचल के केलांग में 3.2 डिग्री पहुंचा पारा

शिमला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की पर्वत श्रंखलाओं पर हो रही बर्फबारी से पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। यूं तो बारिश-बर्फबारी से मैदानी इलाकों के तापमान में भी गिरावट आई है, लेकिन पहाड़ी हिस्सों में कुछ स्थानों पर पारा शून्य के करीब पहुंचना शुरू हो गया है।

लाहौल-स्पीति जिले का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां बुधवार की सुबह न्यनूतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में 3.2 डिग्री, नारकंडा में 6.7 डिग्री, रिकांगपिओ में 7.1 डिग्री और मनाली में 8 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला शहर से सटे पर्यटन स्थल कुफरी में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री, सोलन में 10.7 डिग्री, शिमला में 10.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 12.1 डिग्री सुंदरनगर में 12.2 डिग्री, भुंतर में 12.3 डिग्री, धर्मशाला में 12.4 डिग्री, पालमपुर में 12.5 डिग्री, मंडी में 14.1 डिग्री, हमीरपुर में 14.3 डिग्री, चंबा में 14.4 डिग्री और उना में 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दरअसल लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी समेत शिमला जिला के चांशल और कांगड़ा जिले के धौलाधार की पहाड़ियों पर पिछले कल सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। इन इलाकों में आज भी मौसम खराब बना हुआ है। उधर, राजधानी शिमला सहित राज्य के मैदानों भागों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने पूर्वानमान में आगामी 24 घंटों में राज्य में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। 13 से 17 अक्टूबर तक राज्य में मौसम के साफ रहने की संभावना है।

Top