जोधपुर, 31 दिसम्बर (हि.स.)। प्रदेश में अब सर्दी की चमक बिखरी है। शेखावटी में पहले से ही सर्दी चरम पर चल रही है तो मारवाड़ में अब इसका असर नजर आया है। शनिवार को मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया। इससे अलसुबह काम पर जाने वाले लोगों को अपनी गाडिय़ों की हैडलाइट का सहारा लेना पड़ा तो ठंड भी कंपकंपाने वाली हो गई। सुबह दस बजे के आस पास कोहरा छंटा और सूर्यदेव के दर्शन हो पाए। हल्की धूप और धुंध छाने से सर्दी का बेजा असर बना रहा। सुबह तापमान गिरकर 8 डिग्री तक आ पहुंचा। दोपहर तक शरीर में कंपकंपी बनी रही।
मारवाड़ में शनिवार को सर्दी सीजन का पहला घना कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित रहा। सूरज नहीं निकलने और कोहरा छाने से ठंड तेज हो गई। सुबह करीब दस बजे तक भी सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से लोग घरों में ही दुबके रहे। वे ही लोग घरों से बाहर निकले जिन्हें जरूरी काम से बाहर जाना था। वाहन हैडलाइट जलाकर धीमी रफ्तार में गुजरते देखे गए। सूरज की किरणें भी सुबह दस बजे के बाद ही तल्खी दिखा पाई।
शनिवार की सुबह कोहरे और सर्दी के तीखे तेवर ने लोगों को गर्म लबादों के पीछे जाने को मजबूर कर दिया। बीती रात न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। सर्द हवाएं चलने से लोगों को तापमान से भी ज्यादा सर्दी का एहसास हुआ। सुबह छाए कोहरे से यातायात प्रभावित होने के साथ लोगों ने ऋतु के हिसाब से अपना खानपान भी बदल डाला।