कोलकाता, 15 दिसंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में आखिरकार हफ्ते भर बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो सामान्य से महज एक डिग्री ज्यादा है। पिछले एक हफ्ते से यह तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह रहा था। अधिकतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस पर है जो 29 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह रहा था।
कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा समेत राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिंगपोंग में तो पहले से ही तापमान कम है। मौसम विभाग ने बताया है कि अब लगातार जनवरी महीने की 15 तारीख तक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा और ठंड बढ़ेगी।