कोलकाता, 16 दिसंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य भर में आज मौसम का सबसे शीतलतम दिन है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में बताया है कि राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा है जो अब तक का सबसे कम तापमान है। इसके पहले तापमान गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। अधिकतम तापमान भी महज 27.2 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य है।
हालांकि मौसम विभाग ने बताया है कि सप्ताहांत में तापमान में और कमी दर्ज की जाएगी जिससे सर्दी और बढ़ेगी। उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कालिमपोंग में तो पहले से ही तापमान कम है। दूसरी ओर दक्षिण बंगाल में कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया और बांकुड़ा में तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। यहां न्युनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के करीब है।