Logo
Header
img

बंगाल के तापमान में हल्की बढ़ोतरी

कोलकाता, 18 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। पिछले एक हफ्ते से न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रह रहा था जिसके कारण ठंड पड़ रही थी। इसी तरह अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कम रह रहा था लेकिन शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो सामान्य है। हालांकि शाम ढलते ही कोहरा गिरना शुरू हो जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि वैसे तो आसमान साफ रहेगा और धूप भी खिलेगी लेकिन सूर्योदय से पहले कोहरा गिरेगा। इसकी वजह से दृश्यता कम होगी। इस कारण वाहनों की गति धीमी रखने की सलाह जारी की गई है। हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में भी इसी तरह तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि शाम ढलते ही ठंड लग रही है।
Top