Logo
Header
img

टेंट हाउस संचालक की गला रेत कर हत्या

भागलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कजरेली थाना क्षेत्र के पछियारा बहियार के बागीचे से पुलिस ने सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक अधेड़ की पहचान चांदपुर निवासी सुनील कुमार सिंह (45) के रूप में हुई है। उक्त व्यक्ति की हत्या तेज धारदार हथियार से की गई है। मौके पर मौजूद कजरेली पुलिस पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की बेटी करीना भारती ने बताया कि कजरेली में उसके पिता का टेंट हाउस की दुकान है। वहां पर ठेला चलाने का काम मिथुन मंडल नामक युवक करते हैं। उसकी पत्नी से पिता का अफेयर चलता था। जिससे नाराज पति मिथुन ने ही पिता की हत्या करवाई है।

घटना के बाबत बताया कि रविवार के सुबह सात बजे मृतक दुकान पर गया था। देर रात हो जाने के कारण वापस घर नही लौटा तो घर से कई बार मृतक के मोबाइल पर कॉल किया गया। लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। आज सुबह छह बजे घटना की जानकारी मृतक के परिजन को फोन पर दुकान के स्टाफ राजेश पंडित ने दिया कि बागीचा में सुनील कुमार सिंह का लहूलुहान परिस्थिति में शव मिला है। जिसके बाद परिजन बागीचा पहुंचे और वहां पर शव की शिनाख्त की। मृतक का धारदार हथियार से गला रेता गया है। पेट पर चाकू मारने का भी निशान है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Top