Logo
Header
img

न्यूनतम तापमान में आएगी आंशिक गिरावट, शनिवार से चलेगी तेज हवा

मीरजापुर, 09 फरवरी (हि.स.)। फरवरी माह के आगाज के साथ ही माैसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह-शाम ठंड तो दिन में तेज धूप के कारण लोगाें के पसीने छूट जा रहे हैं। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में आंशिक गिरावट होने के साथ शनिवार (11 फरवरी) से तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा भू-भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. आरएस सिंह और तकनीकी अधिकारी (युवा मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि अपेक्षाकृत उत्तरी अक्षांश से गुजरे पश्चिमी विक्षोभ के कारण वर्षा तो नहीं हुई, लेकिन इसके अग्रगामी उष्णाग्र (वार्म फ्रंट) के प्रभाव से पिछले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में क्रमिक वृद्धि देखी गई है। अब इस पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद इसके पश्च भाग में अवस्थित अनुगामी शीताग्र (कोल्ड फ्रंट) के प्रभाव से आगामी 24 घंटे के दौरान तापमान में एक बार फिर एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इससे आगामी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नौ फरवरी से तापमान में पुन: वृद्धि होने की स्थिति बनी हुई है। आगामी 10 फरवरी तक हवा की रफ्तार में उत्तरोत्तर कमी आने की संभावना है। यद्यपि आगामी पश्चिमी विक्षोभ की वर्षा का प्रभाव भी मुख्यतया उत्तर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों तक ही सीमित रहने से प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। इसके गुजरने के बाद 11 फरवरी से पूर्वांचल समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 15-20 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी-पश्चिमी सतही हवाएं आरंभ हो जाएंगी।
Top