Logo
Header
img

खराब मौसम के कारण तीन फ्लाइट जयपुर डायवर्ट, यात्रियों ने किया हंगामा

जयपुर, 27 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की ठंड और खराब मौसम का असर हवाई उड़ानों पर पड़ रहा है। राज्य में पड़ रही कड़ाके की ठंड और खराब मौसम के असर से हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। खराब मौसम के चलते सोमवार देर रात तीन फ्लाइट जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दी गई। इसकी वजह से यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने जयपुर एयरपोर्ट पर हंगामा किया। इस दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने यात्रियों से समझाइश कर मामला शांत करवाया। जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात को स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी 3756 खराब मौसम के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड नहीं हो सकी। फ्लाइट को दिल्ली की बजाय जयपुर पर लैंड करवाया गया। फिर यात्रियों से कहा गया कि अब उन्हें सड़क मार्ग से जाना होगा, फ्लाइट दिल्ली नहीं जा पाएगी। इसके बाद यात्रियों ने देर रात एयरपोर्ट पर हंगामा खड़ा कर दिया। यात्रियों को बताया गया कि मौसम खराब होने की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड नहीं हो सकी। यह फ्लाइट राजकोट से दिल्ली जा रही थी। रात करीब 12 बजे इसे जयपुर डायवर्ट किया गया था। दिल्ली और लखनऊ की 2 फ्लाइट भी जयपुर डायवर्ट की गई। इंडिगो की फ्लाइट 6ई-866 रात करीब एक बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंची। दरअसल, ये फ्लाइट हैदराबाद से लखनऊ जा रही थी। लखनऊ में खराब मौसम होने की वजह से फ्लाइट लखनऊ में लैंड नहीं हो पाई। इस वजह से इसे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड करवाया गया। इंडिगो की फ्लाइट 6ई-1774 रात करीब ढाई बजे बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंची। ये फ्लाइट दोहा से दिल्ली जा रही थी। दिल्ली में खराब मौसम होने के चलते फ्लाइट दिल्ली में लैंड नहीं हो सकी, जिसे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड करवाया गया। दोनों फ्लाइट के यात्री करीब 3 घंटे तक विमान में बैठे रहे। इसके बाद मंगलवार सुबह 6 बजे दोनों फ्लाइट लखनऊ और दिल्ली के लिए रवाना की गई। इनदिनों तेज ठंड और कोहरे की वजह से मौसम खराब हो रहा है। कम दृश्यता की वजह से फ्लाइट संचालन भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे में कई बार फ्लाइट लैंड की अनुमति नहीं मिल पाती है, जिसकी वजह से फ्लाइट को अन्य जगह पर डायवर्ट कर दिया जाता है। ऐसे में यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
Top