चेन्नई, 08 मई (हि.स.) तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल राज्य में किसी भी दल के समर्थन में नहीं है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी ने न तो किसी दल को समर्थन दिया है और न ही किसी दल ने भाजपा से समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य की सत्ता समीकरणों में अभी किसी पक्ष में नहीं है और जनता के जनादेश का सम्मान करती है।
इससे पहले चेन्नई स्थित भाजपा मुख्यालय कमलालयम में पार्टी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का लड़े भाजपा के सभी 27 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए चुनाव परिणामों और पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता द्वारा दिए गए जनादेश को पूरी गंभीरता से स्वीकार करती है। राज्य में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, लेकिन तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) सरकार गठन के प्रयासों में जुटी हुई है।
वनाथी श्रीनिवासन ने कहा कि जनता ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और पट्टाली मक्कल काची सहित कई दलों को अवसर दिया है। ऐसे में यह कहना उचित नहीं होगा कि जनादेश पूरी तरह किसी एक पार्टी के पक्ष में गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल जीत और हार के आधार पर राजनीति नहीं करती, बल्कि पार्टी लगातार जनता के बीच रहकर काम करती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बहुसंख्यक मतदाताओं ने तमिलगा वेत्री कझगम को समर्थन दिया है और राज्यपाल संविधान के अनुसार निर्णय लेंगे।
वनाथी श्रीनिवासन ने कांग्रेस और द्रमुक के संबंधों पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु में कांग्रेस को राजनीतिक जीवन देने वाला आंदोलन द्रमुक था, लेकिन कांग्रेस ने उसी द्रमुक के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की राजनीति केवल सत्ता और पद प्राप्त करने तक सीमित है।
पत्रकारों ने जब पूछा कि यदि द्रमुक और अन्नाद्रमुक मिलकर सरकार बनाने का प्रयास करते हैं तो भाजपा की क्या भूमिका होगी, इस पर वनाथी श्रीनिवासन ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है और ऐसे मामलों में अंतिम निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने तमिलगा वेत्री कझगम से समर्थन देने वाले विधायकों की संख्या का स्पष्ट विवरण मांगा है और उसी आधार पर आगे की संवैधानिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को केवल एक सीट पर जीत मिली है, लेकिन पार्टी इससे निराश नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा तमिलनाडु की जनता के फैसले को सिर झुकाकर स्वीकार करती है और जनादेश का सम्मान करती है।
उन्होंने दोहराया कि भाजपा ने किसी भी दल को समर्थन नहीं दिया है और न ही सत्ता में हिस्सेदारी की कोई मांग की है। उनके अनुसार, भाजपा ने अब तक तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक स्थिति में कोई पक्ष नहीं लिया है।
नागेंद्रन ने बताया कि तमिलगा वेत्री कझगम ने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया है और कहा है कि उसे 35 प्रतिशत वोट मिले हैं। हालांकि राज्यपाल ने उनसे समर्थन देने वाले विधायकों की संख्या का स्पष्ट ब्यौरा मांगा है।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल अपने संवैधानिक अधिकारों का उपयोग करते हुए यह जानकारी मांग रहे हैं। ऐसे में अभिनेता-राजनेता जोसेफ विजय राज्यपाल को बहुमत समर्थन देने वाले विधायकों की सूची सौंप सकते हैं या फिर कानूनी विकल्प के रूप में अदालत का रुख भी कर सकते हैं।----------