Logo
Header
img

हिमाचल में चार दिनों तक होगी छिटपुट बारिश, भारी बारिश का अलर्ट नहीं

शिमला, 27 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में तबाही मचाने के बाद मानसून अब राहत देगा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिन राज्य में छिटपुट वर्षा होगी, लेकिन भारी वर्षा का अलर्ट नहीं रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि मानसून के मंद पड़ने से अगले कुछ दिन राज्य में भारी बारिश होने की आशंका नहीं है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगामी चार दिन हल्की वर्षा हो सकती है। 30 व 31 अगस्त को मौसम शुष्क रहेगा। 

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान मंडी जिले को छोड़कर कहीं भी वर्षा नहीं हुई। मंडी में 3 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम खुलने से बंद सड़कों के जल्द बहाल होने की उम्मीद है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार सुबह तक राज्यभर में एक नेशनल हाइवे समेत 281 सड़कें बंद रहीं। इनमें मंडी जिला में सबसे ज्यादा 143 सड़कें बंद हैं। शिमला में 37, सोलन में 35, कुल्लू में 30, कांगड़ा में 14, हमीरपुर में 11 और बिलासपुर में चार सड़कें बंद हैं। राज्य में 32 बिजली ट्रांसफार्मर और 177 पेयजल स्कीमें भी पूरी तरह ठप हैं। मंडी में 208, सोलन में 72 और हमीरपुर में 72 ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली की आपूर्ति ठप है। 

मंडी जिला में पानी की 142 स्कीमें ठप हैं। शिमला में 17 और हमीरपुर में 10 पेयजल स्कीमें प्रभावित हैं। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने भारी तबाही मचाई है। बीते दो माह के दौरान वर्षाजनित विभिन्न हादसों में 376 लोगों की जान गई है और 40 लापता हैं। 349 लोग घायल हुए हैं। भूस्खलन एवं बाढ़ की चपेट में आने से 141 लोग मारे गए हैं। जबकि अन्य वर्षा जनित हादसों में 235 लोगों की मौत हुई। मानसून सीजन में 2445 मकान, 306 दुकानें और 5384 पशुशालाएं पूरी तरह धराशायी हुईं जबकि 10504 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा।
Top