म.प्र.: प्रदेश में बदलेगा मौसम भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन में ओले गिरने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 29 दिसंबर से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है। जिसके चलते 4 जनवरी तक प्रदेश के मौसम में बदलाव दिखाई देगा। इस दौरान 30 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है तथा कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।
मध्यप्रदेश के अधिकांश शहरों में गुरुवार सुबह कोहरा छाया रहा। रात के तापमान में भी वृद्धि हुई है। प्रदेश के आधे से ज्यादा शहरों में बुधवार रात न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या इससे ऊपर ही रहा है। पचमढ़ी से ठंडे राजगढ़, नौगांव और उमरिया रहे हैं। इधर मौसम विभाग ने नए साल की शुरुआत बदले हुए मौसम से होने की संभावना जताई है। इसके अनुसार ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, भोपाल, सागर और रीवा संभाग में ओलावृष्टि और बारिश के आसार है। वहीं, इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल में बूंदाबांदी हो सकती है। भोपाल में 28 और 29 दिसंबर को मौसम साफ रहेगा। 30 दिसंबर को बादल छाए रहेंगे, जबकि 31 दिसंबर को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा राजगढ़ रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद नौगांव में 8.5 डिग्री, उमरिया में 8.6 डिग्री और खंडवा, खरगोन तथा पचमढ़ी में 9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तथा इंदौर में 15.2 डिग्री दर्ज किया गया।