अजमेर, 15 जुलाई (हि.स.)। अजमेर की रामगंज थाना पुलिस और जिला साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन अवैध गेमिंग ऐप के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, तीन मोबाइल चार्जर, दो एक्सटेंशन बोर्ड तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बुधवार को बताया कि साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए की जा रही धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर रामगंज थाना प्रभारी अनिल गुजराल और जिला साइबर सेल प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में न्यू चंद्र नगर स्थित एक मकान पर छापा मारा गया।
पुलिस ने मौके से नागौर जिले के डाबोली मीठी निवासी रामकिशन उर्फ प्रकाश भीचर (19), खुनखुना थाना क्षेत्र के छोटी खाटू निवासी कैलाश (22) तथा जायल थाना क्षेत्र के रोठू निवासी गोपाल डूकिया (18) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपित ऑनलाइन गेमिंग साइट के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। कार्रवाई के दौरान एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, तीन मोबाइल चार्जर और दो एक्सटेंशन बोर्ड जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग साइबर ठगी में किया जा रहा था।
एसपी अग्रवाला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित रामकिशन उर्फ प्रकाश किराये के मकान में अपने सरगना से लॉगिन आईडी और पासवर्ड प्राप्त कर लैपटॉप एवं मोबाइल फोन के माध्यम से अवैध गेमिंग साइट संचालित कर ऑनलाइन गेम खेलने वाले लोगों से धोखाधड़ी करता था।
इस संबंध में रामगंज थाने में मुकदमा संख्या 237/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है। मामले की जांच आदर्श नगर थाना प्रभारी ओमप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस गिरोह के सरगना तथा पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।