Logo
Header
img

उज्जैन के खड़े हनुमानजी के दर्शन को पहुंच रहे विदेशी श्रद्धालु


मप्र के उज्जैन के खड़े हनुमानजी के दर्शन को पहुंच रहे विदेशी श्रद्धालु, दान पेटी में मिले अमेरिकी डॉलर और यूरो

भोपाल/उज्जैन, 24 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में कंठाल से छत्री चौक मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान अपनी जगह पर अडिग रहे खड़े हनुमानजी अब देश ही नहीं, विदेशों में भी चर्चा का विषय बन रहे हैं। मंदिर में दर्शन के लिए दूर-दराज के राज्यों के साथ विदेशी श्रद्धालु भी पहुंच रहे हैं। यहां दान पेटी में अमेरिकी डॉलर और यूरो मिले हैं।

मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने मंगलवार को बताया कि हाल ही में नेपाल से करीब 200 श्रद्धालुओं का जत्था खड़े हनुमानजी के दर्शन के लिए पहुंचा था। भक्तों ने मंदिर में नेपाली मुद्रा अर्पित की। वहीं, अमेरिका से आए एक दंपती ने पांच अमेरिकी डॉलर चढ़ाए। इसके अलावा एक अन्य श्रद्धालु ने पांच यूरो भी अर्पित किए। बीते एक सप्ताह में दान पेटी में अमेरिका, जॉर्डन, नेपाल और दुबई की करेंसी मिली है। दरअसल, सोशल मीडिया पर मंदिर से जुड़ी चर्चाओं के बाद भक्तों की आवाजाही बढ़ी है।

पुजारी महेश बैरागी ने बताया कि अमेरिका से आए दंपति ने मंदिर के बारे में सोशल मीडिया पर सुना था। खड़े हनुमानजी से जुड़े चमत्कार की चर्चाओं के बाद वे दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर की लोकप्रियता अब आसपास के क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां आने लगे हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों से भी पहुंच रहे भक्त

खड़े हनुमानजी फिलहाल टेंट में विराजमान हैं, इसके बावजूद मंदिर में श्रद्धालुओं का आना जारी है। सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों से भी भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पुजारी ने बताया कि पहले मंदिर में आसपास के राज्यों से अधिक श्रद्धालु आते थे, लेकिन अब देश के दूरस्थ इलाकों के साथ विदेशों से भी भक्त दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर की चर्चा और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच विदेशी मुद्रा का चढ़ावा भी आकर्षण का विषय बना हुआ है।

गौरतलब है कि सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। प्रशासन ने खड़े हनुमानजी के मंदिर को हटाकर प्रतिमा को टंकी चौक के पास नए स्थान पर स्थापित करने की योजना बनाई थी। कार्रवाई के दौरान मंदिर का ढांचा हटाया गया और खुदाई की गई, लेकिन मूर्ति अपने स्थान से नहीं हिली। श्रद्धालुओं और सोशल मीडिया पर इसे चमत्कार बताया गया, जबकि प्रशासन ने कई अफवाहों का खंडन किया और प्रतिमा फिलहाल टेंट में विराजमान है। जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आया।

Top