पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पारिवारिक विवाद पहुंचा थाने
चाचा बाबुन ने भतीजे अभिषेक के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
कोलकाता, 27 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के परिवार का आंतरिक विवाद अब पुलिस थाने पहुंच गया है। ममता बनर्जी के छोटे भाई स्वपन बनर्जी उर्फ बाबुन ने गुरुवार को अपने भतीजे और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कालीघाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में न्यायपालिका व संवैधानिक संस्थाओं के अपमान और देश की संप्रभुता को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। राज्य के राजनीतिक हलकों में पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार के सदस्यों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत किए जाने की इस घटना को अभूतपूर्व माना जा रहा है।
बाबुन बनर्जी की ओर से सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि गत सात नवंबर को फेसबुक पर प्रकाशित एक वीडियो संदेश में अभिषेक बनर्जी ने अपनी सुरक्षा से जुड़े एक विचाराधीन मामले का उल्लेख करते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के खिलाफ अत्यंत अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। आरोप है कि उन्होंने न्यायपालिका के एक वर्ग को 'मूकदर्शक' और 'बिका हुआ' बताते हुए राज्य में हिंसा के लिए अदालतों को जिम्मेदार ठहराया। इस बयान के बाद गत 17 नवंबर को कलकत्ता उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ अवमानना का नियम (रूल) या कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
बाबुन का आरोप है कि अदालत के नोटिस के बावजूद अभिषेक नहीं रुके और उन्होंने मीडिया के समक्ष न्यायपालिका को 'पक्षपातपूर्ण' तथा 'भाजपा के दबाव से प्रभावित' करार दिया। इसके अलावा, गत 24 सितंबर को 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त और देश के मुख्य न्यायाधीश की निष्पक्षता पर सवाल उठाने तथा शीर्ष अदालत को खुलेआम अल्टीमेटम देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में दावा किया गया है कि सुनियोजित तरीके से बार-बार ऐसी टिप्पणियां कर आम जनता के बीच न्यायपालिका और निर्वाचन आयोग के प्रति अविश्वास पैदा किया जा रहा है, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है। इसके साथ ही, इलाज के बहाने अभिषेक बनर्जी की लगातार विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए इस बात की जांच की मांग की गई है कि क्या राज्य को अस्थिर करने के पीछे कोई विदेशी साजिश या विदेशी धन की भूमिका है। शिकायत पत्र में न्यायाधीशों को डराने-धमकाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए, 1967) के तहत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की गई है।
उल्लेखनीय है कि बाबुन बनर्जी के अपने परिवार के साथ संबंध पिछले कुछ वर्षों से तनावपूर्ण चल रहे हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में हावड़ा से तृणमूल कांग्रेस का टिकट न मिलने पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी और निर्दलीय चुनाव लड़ने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद ममता बनर्जी ने उनसे संबंध तोड़ने की घोषणा की थी।
हालांकि, उस वर्ष भाईदूज पर वे कालीघाट स्थित आवास गए थे, लेकिन 2025 में उनकी इकलौती बेटी अग्निशा की शादी में बनर्जी परिवार का कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुआ था। इस वर्ष मई में विधानसभा चुनाव में हार के बाद बाबुन ने ममता बनर्जी पर 'भतीजा प्रेम' का आरोप लगाया था। हाल ही में भाईदूज की पूर्व संध्या पर उन्होंने भवानीपुर के विधायक एवं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का अपनी पूजा में स्वागत किया और दीदी से तिलक न लगवाने की घोषणा की थी।
राजनीतिक विश्लेषकों के एक वर्ग का मानना है कि भतीजे के खिलाफ सीधे पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर बाबुन ने एक तरह से ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं, इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चटर्जी ने कहा कि वे खुद को कितना बड़ा ममता और अभिषेक विरोधी साबित कर सकते हैं, यह सब उसी के लिए किया गया है। यह वास्तव में बेहद निम्न स्तर की राजनीति है। मैं इस विषय पर इससे अधिक कुछ नहीं कहना चाहता।