देशभर में 'नशा मुक्त भारत अभियान' से अब तक 35.88 करोड़ से अधिक लोग जुड़े
नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय का महत्वाकांक्षी 'नशा मुक्त भारत अभियान' (एनएमबीए) अब तक देशभर में 35.88 करोड़ से अधिक लोगों तक अपनी पहुंच बना चुका है। इस राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन के माध्यम से 14.35 करोड़ से ज्यादा युवाओं और 11.33 करोड़ महिलाओं को जागरूक किया गया है।
मंत्रालय के अनुसार अभियान का एक प्रमुख स्तंभ 'नशा मुक्ति मित्र' पहल है, जिसके तहत सामुदायिक स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जो लोगों को नशा छोड़ने और उपचार लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश में नशा मुक्ति के लिए इलाज और परामर्श लेने वाले लोगों की संख्या में भी वृद्धि देखी गई है। यह संख्या वर्ष 2020-21 के 2.08 लाख से बढ़कर 2025-26 में 9.11 लाख के पार पहुंच गई है। वर्तमान में देशभर में कुल 198 जिला नशा मुक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, शुरुआत में इस अभियान को नशे की समस्या से अत्यधिक प्रभावित 272 जिलों में लागू किया गया था। इसके बाद अगस्त 2022 में इसका विस्तार 372 जिलों तक किया गया और 15 अगस्त 2023 से इसे देश के सभी जिलों में लागू कर दिया गया। वर्ष 2021 में यह अभियान लगभग 1.4 करोड़ लोगों तक पहुंचा था, जिसका दायरा अब 35.88 करोड़ से अधिक हो गया है।
अभियान के तहत नई पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में अब तक 34.07 लाख से अधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इसमें राज्यों, जिलों, शिक्षण संस्थानों और नागरिक समाज संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही है।
उल्लेखनीय है कि 2018 में हुए पहले राष्ट्रीय सर्वेक्षण में सामने आया था कि देश में सात करोड़ से अधिक लोग नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़े विकारों से प्रभावित हैं, जिनमें लगभग 1.2 करोड़ बच्चे और 58 लाख महिलाएं शामिल हैं। इस गंभीर चुनौती से निपटने के लिए मंत्रालय ने 'नेशनल एक्शन प्लान फॉर ड्रग डिमांड रिडक्शन' (एनएपीडीडीआर) के तहत रोकथाम, उपचार और पुनर्वास पर ध्यान केंद्रित करते हुए 15 अगस्त 2020 को यह अभियान शुरू किया था। पिछले छह वर्षों में एक संस्थागत पहल से बढ़कर समुदाय के नेतृत्व वाले जन आंदोलन में तब्दील हो गया है। अभियान से जुड़ते हुए दो लाख से अधिक नागरिकों ने 'नशा मुक्ति मित्र' के रूप में अपना पंजीकरण कराया है।