Logo
Header
img

डेनमार्क ओपन के पहले ही दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुए लक्ष्य सेन

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन डेनमार्क ओपन-2026 के पहले दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में उन्हें चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन ने तीन गेम तक चले मुकाबले में 18-21, 21-13, 15-21 से हराया। यह मुकाबला एक घंटे तीन मिनट तक चला।

लक्ष्य ने दूसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए 21-13 से जीत दर्ज की, लेकिन निर्णायक गेम में वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सके। चोउ तिएन चेन ने 21-15 से तीसरा गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लक्ष्य के लिए निराशाजनक रहा है साल

लक्ष्य सेन के लिए यह साल अब तक निराशाजनक रहा है। इससे पहले उन्हें 2026 एशियाई खेलों में पुरुष एकल के दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा था। इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू ने लक्ष्य को 21-12, 15-21, 21-14 से हराया था।

इससे पहले अगस्त में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में भी लक्ष्य को दूसरे दौर में हार झेलनी पड़ी थी। उन्हें अमेरिका के विश्व रैंकिंग में 92वें स्थान पर काबिज गैरेट टैन ने 19-21, 21-19, 21-17 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।

श्रीकांत, सिंधु और तन्वी पर रहेंगी निगाहें

डेनमार्क ओपन में मंगलवार को भारत के अन्य खिलाड़ी भी चुनौती पेश करेंगे। पुरुष एकल में किदांबी श्रीकांत कोर्ट पर उतरेंगे, जबकि महिला एकल में पीवी सिंधु और तन्वी शर्मा अपने मुकाबले खेलेंगी।

Top