Logo
Header
img

पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बाेले - सनातन को कोई मिटा नहीं सकता


कुंडा में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर की कथा का शुभारंभ , पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बाेले - सनातन को कोई मिटा नहीं सकता

-धर्म पर घात हुआ तो करेंगे प्रतिघात, चुप नहीं बैठेंगे हिंदू :पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री- कथा सुनने पहुंचे बाबा रामदेव समेत कई संत और आचार्य पहुंचे-कुंडा पहुंचे पाकिस्तान से आए 500 हिंदू शरणार्थी परिवार सुनेंगे राम कथा

प्रतापगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा में मंगलवार काे अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यानी बागेश्वर धाम सरकार की तीन दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ होते ही पूरा परेड ग्राउंड श्रद्धालुओं से भर गया। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव हेलीकॉप्टर से पहुंचे। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह समेत कई संतों और जनप्रतिनिधियों ने भी कथा में शिरकत की।

कुंडा के बेंती राजभवन में आज मंगलवार से 20 नवंबर तक होने वाली भगवान श्रीराम की कथा सुनने के लिए पाकिस्तान से भी भारत आए 500 हिंदू शरणार्थी परिवार भी पहुंचे। राजा भैया ने मंच से सभी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आपने बहुत यातनाएं झेली लेकिन धर्म नहीं बदला, लेकिन अब खराब समय का अंत हो गया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रीराम कथा व्यास पीठ से पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों का अभिनन्दन किया और कहा कि मेरे धर्म पर घात हुआ तो हम भी प्रतिघात करेंगे। चुप नहीं बैठेंगे। मैं हिंदू हूं, सिर्फ हिंदुत्व की बात करूंगा। पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कथा तो बहुत कही लेकिन पहली बार पाकिस्तानी हिंदू परिवार को कथा सुना रहा हूँ। हम कथा तो सुनायेंगे कल आप से हवन भी कराएंगे। कथा के पहले दिन बागेश्वर धाम सरकार ने सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सतयुग, त्रेता, द्वापर से लेकर कलियुग तक सनातन संस्कृति पर कई तरह के प्रहार हुए, लेकिन इसे कोई मिटा नहीं सका। उन्होंने बेंती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि सनातन कल भी जीवित था, आज भी है और आने वाले समय में भी रहेगा।

बागेश्वर सरकार ने अपने संबोधन में हिंदू समाज से जाति-पाति के भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में बंटवारा होने से एकता कमजोर होती है। इसलिए लोगों को आपसी भेदभाव छोड़कर अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट रहेगा, तभी अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सुरक्षित रखा जा सकेगा।

श्रीराम कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम के जीवन और उनके आदर्शों का वर्णन किया। उन्होंने माता-पिता के प्रति सम्मान, भाइयों के बीच प्रेम, मर्यादा और प्रजा के प्रति कर्तव्य जैसे विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा का उद्देश्य केवल सुनना नहीं, बल्कि भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना भी है। उन्होंने युवाओं से नशे की बुराई से दूर रहने, माता-पिता की सेवा करने और अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया।

बेंती की श्रीराम कथा के पहले दिन आध्यात्मिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। योग गुरु बाबा रामदेव हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के महत्व पर बात रखी। बाबा रामदेव ने कहा कि सनातन ही भारत की आत्मा है। इस दौरान उन्होंने अपने अंदाज में एक मारवाड़ी भजन भी सुनाया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया और कहा कि भारत में धार्मिक आयोजनों की जरूरत है। आयोजनकर्ता राजा भैया की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता का भी दबदबा था, इनका भी है और आगे भी रहेगा। उनके इस बयान पर पंडाल में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं और जयकारे लगाए।

जैसलमेर से पहुंचे 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी

इस आयोजन की एक खास बात राजस्थान के जैसलमेर से पहुंचे करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी भी रहे। ये लोग पाकिस्तान से विस्थापित होकर जैसलमेर में रह रहे हैं और विशेष रूप से श्रीराम कथा में शामिल होने पहुंचे हैं। उनके पहुंचने पर आयोजन स्थल पर खास उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि उनका इन हिंदू शरणार्थियों के साथ पुराना जुड़ाव रहा है। वर्ष 2024 में उन्होंने राजस्थान के जोधपुर स्थित पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी शिविर का दौरा कर शरणार्थी परिवारों से मुलाकात की थी और उन्हें आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई थी। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली के मजनू का टीला क्षेत्र में रह रहे पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों की भी आर्थिक और मानवीय सहायता की थी। बीते दिनों पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी बच्चों ने राजा भैया के जन्मदिन पर केक काटकर खुशी मनाते हुए शुभकामनाएं दी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। कथा के दौरान सभी शरणार्थियों को प्रयागराज के संगम घाट,अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम सहित तीर्थों के दर्शन भी कराए जाएंगे।

उमड़े श्रद्धालु, प्रशासन ने किये इंतजाम

कथा में उमड़ रही हजारों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और प्रतापगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। कथा पंडाल, पार्किंग स्थलों और प्रमुख रास्तों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर अस्थायी अस्पताल, पुलिस चौकी और खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है। इसके अलावा परेड ग्राउंड के पास अस्थायी बाजार और मेले की व्यवस्था की गई है।

अगले माह गाेंडा व लखनऊ में राम कथा

उधर गोंडा जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कटरा बाजार में कथा करेंगे। बागेश्वर धाम सरकार एक वीडियों में उन्हाेंने गोंडावासियों को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया है। वे वीडियो में बागेश्वर धाम सरकार ने कहा है कि जय श्री राम। गोंडा की धर्मनगरी कटरा बाजार में 4, 5 और 6 दिसंबर को तीन दिवसीय भव्य रामकथा का आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिन की इस कथा में एक दिन दिव्य दरबार भी लगेगा।

इस आयोजन के बाबत बागेश्वर धाम सरकार ने श्रद्धालुओं से कहा कि अर्जी लगेगी, बाधा हटेगी, बालाजी की मर्जी होगी। आप सभी लोग नारियल लेकर, हनुमान चालीसा लेकर पहले दिन से बैठकर तीनों दिन का आनंद लेकर तीसरे दिन दिव्य दरबार में अर्जी लगाएंगे। कथा सुनकर अपने जीवन को धन्य बनाइए। गाेंडा के बाद लखनऊ में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में कथा का आयाेजन हाेगा।

Top