Logo
Header
img

भाजपा को मिलेगी 2027 में ऐतिहासिक जीत : अशोक चौरसिया


कार्यकर्ताओं के त्याग, परिश्रम से भाजपा को मिलेगी 2027 में ऐतिहासिक जीत : अशोक चौरसिया

-यमुनापार की चारों विधानसभा सीटों पर कमल खिलाने का लक्ष्य, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

प्रयागराज, 12 नवंबर (हि.स.)। कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, परिश्रम और संगठनात्मक एकजुटता के बल पर ही भाजपा ने विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने का गौरव हासिल किया है। बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की सामूहिक शक्ति ने वर्ष 2014 और 2017 में ऐतिहासिक जीत का मार्ग प्रशस्त किया था। अब इसी समर्पण और एकजुटता के साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक विजय हासिल करनी है।

यह बातें गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रयागराज यमुनापार की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और मजबूत कानून व्यवस्था के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। संगठन की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। संगठन में पद से अधिक कार्य और व्यवहार का महत्व होता है।

अशोक चौरसिया ने कहा कि सभी पदाधिकारी परिवार के मुखिया की तरह संगठन का नेतृत्व करें। छोटे-बड़े का भेदभाव किए बिना प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान करें। पूर्व और वर्तमान कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें तथा उनका सहयोग लेकर संगठन को मजबूत बनाएं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता से दूर होने की बौखलाहट में विपक्ष धरना-प्रदर्शन और भ्रामक प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। कार्यकर्ता विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब दें और सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के संचालन के लिए जिला पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। साथ ही सभी से पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी यमुनापार अनिल सिंह ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में यमुनापार की चारों सीटों पर कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ सभी कार्यकर्ताओं को अभी से एकजुट होकर जुटना होगा। संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गतिशील बनाने की आवश्यकता है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने जिला पदाधिकारियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त कर उनके संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप पांडेय ने किया। इस अवसर पर काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चन्द्र गुप्ता, क्षेत्रीय महामंत्री कविता पटेल, क्षेत्रीय सदस्य सुबोध सिंह, रत्नाकर सिंह पटेल, दिलीप कुमार चतुर्वेदी, सतीश विश्वकर्मा, आनंद तिवारी सहित जिला पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Top