होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे थाईलैंड के मालवाहक जहाज पर हमला
WEST-ASIA-WAR-HORMUZ-CARGO-SHIP-ATTACK
होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे थाईलैंड के मालवाहक जहाज पर हमला
बैंकॉक, 11 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष के 12वें दिन बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य (होर्मुज स्ट्रेट) से गुजर रहे थाईलैंड के एक मालवाहक जहाज पर हमला किया गया। जहाज के चालक दल के 23 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने इस घटना में कुल तीन व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की बात कही है।
यूकेएमटीओ के मुताबिक इस इलाके में कुल तीन व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाया गया। इनमें एक थाई-रजिस्टर्ड जहाज और दो अन्य जहाज हैं। इस इलाके में पिछले 12 दिनों से वाणिज्यिक मालवाहक जहाज पर कोई हमला नहीं हुआ था। मौजूदा घटना के बाद से समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है। फिलहाल हमले के पीछे कौन हैं और घटना की असली वजह क्या थी, इसकी जांच जारी है।
चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ और थाईलैंड के स्थानीय मीडिया ने रॉयल थाई नेवी के हवाले से बताया कि बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में एक थाईलैंड के मालवाहक जहाज पर हमला होने की खबर है। हमले के बाद चालक दल के 20 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है और उन्हें ओमान के खासाब में पहुंचाया गया है, जबकि तीन सदस्य अभी भी जहाज पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं।
थाई नेवी के मुताबिक हमला जिस जहाज पर हुआ उसका नाम मयूरी नारी है, जो थाईलैंड में रजिस्टर्ड एक बड़ा बल्क कैरियर है और इसका स्वामित्व बैंकॉक स्थित कंपनी प्रेशियस शिपिंग के पास है। इस जहाज के संयुक्त अरब अमीरात के खलीफा पोर्ट से प्रस्थान करने और होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय यह हमला किया गया। फिलहाल, चालक दल के 23 सदस्य सुरक्षित हैं।
ब्रिटिश मीडिया आउटलेट सीट्रेड मैरीटाइम की रिपोर्ट के अनुसार ओमान तट से लगभग 11 नॉटिकल मील दूर एक मालवाहक जहाज़ किसी अज्ञात वस्तु से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया था। हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। चालक दल के कुछ सदस्य जहाज़ पर ही रहकर रिकवरी ऑपरेशन में लगे हुए हैं।
रिपोर्ट में बताया गया कि जापान में रजिस्टर्ड जहाज वन मैजेस्टी, जो मित्सुई ओएसके लाइन्स (एमओएल) का है, रास अल खैमाह से लगभग 25 नॉटिकल मील दूर किसी वस्तु से टकराने के बाद उसके ढांचे में लगभग 10 सेंटीमीटर का छेद हो गया। इसके बावजूद जहाज सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ रहा है और चालक दल के सभी लोग सुरक्षित हैं। तीसरा जहाज दुबई से लगभग 50 नॉटिकल मील उत्तर-पश्चिम में किसी वस्तु से टकराया, लेकिन उसके चालक दल के लोग भी सुरक्षित हैं।