ख्ंटी, 17 दिसंबर (हि.स.)। जैन साध्वियों का एक दल बुधवार को खूंटी नगर में प्रवेश करेगा। सभी जैन साध्वी कोलकाता से पैदल चलकर तमाड़ होते हुए बुधवार को सुबह नौ बजे खूंटी पहुंचेंगी। एक साथ 15 जैन साध्वियां के खूंटी आगमन से जैन धर्मावलंबियों में हर्ष व्याप्त है।
जैन समाज के रेाहित जैन ने कहा कि खूंटी के इतिहास में पहली बार इतनी संख्या में महिला संतों का पदार्पण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जैन साध्वी हमेशा पैदल ही अपने गंतव्य तक की यात्रा करती हैं। वे पूरे दिन में सिर्फ एक बार ही भोजन करती हैं। उन्होंने कहा कि जैन महिला संत खूंटी के बाद पैदल ही इंदौर के लिए रवाना हो जाएंगी। उनके आगमन को लेकर जैन समाज के अध्यक्ष शेखर चंद जैन, उपाध्यक्ष श्रीपाल चंद जैन, सचिव रमेश जैन, सह सचिव प्रकाश जैन, कोषाध्यक्ष अरविंद जैन तैयारी में लगे हैं।