Logo
Header
img

इतिहास के पन्नों में 17 दिसंबरः दो भाइयों की कल्पना हुई साकार, पहला विमान, पहली उड़ान

देश-दुनिया के इतिहास में 17 दिसंबर की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख विमानन इतिहास के लिए सबसे ज्यादा खास है। हुआ यह था कि अमेरिका के पश्चिमी वर्जीनिया के हटिंगटन शहर के एक बिशप ने अपने दो बेटों को एक खिलौना लाकर दिया। खिलौना फ्रांस के एयरोनॉटिक साइंटिस्ट अल्फोंसे पेनाउड के आविष्कार पर आधारित एक मॉडल था। यह कागज, रबर और बांस से निर्मित था। यही वो घटना है, जिससे इन भाइयों की कल्पना को उड़ान दी।
17 दिसंबर, 1903 को इन दोनों भाइयों की कल्पना यथार्थ में बदली और जमीन से 120 फीट ऊपर 12 सेकंड की उड़ान भरने में कामयाब हुई। यह दो भाई थे विल्बर और ऑरविल राइट। उन्होंने पहली बार किसी विमान को उड़ाकर इतिहास रचा। इस विमान का नाम दोनों भाइयों के नाम पर राइट फ्लायर रखा गया। समूची मानव सभ्यता के लिए यह किसी कारनामे से कम नहीं था। आसमान में उड़ने का इनसान का सपना हकीकत में बदल चुका था।
राइट ब्रदर्स की इस सफलता के पीछे विफलता की कई कहानियां थीं। राइट ब्रदर्स की हवाई जहाज बनाने की कई कोशिशें नाकाम हुईं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। दोनों भाइयों में मशीनी तकनीक की अच्छी जानकारी थी। इससे पहले वह प्रिटिंग प्रेस, मोटरों की दुकानों और अन्य जगहों पर काम कर चुके थे। उन्होंने साइकिल के पुर्जे जोड़कर हवाई जहाज का आविष्कार किया। फ्रांस की एक कंपनी ने दावा किया था कि उन्होंने इसका आविष्कार पहले ही कर लिया था, लेकिन, साल 1908 में राइट ब्रदर्स को इसकी मान्यता मिली।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1398ः मंगोल सम्राट तैमूर लंग ने दिल्ली पर कब्जा किया।
1715ः बंदा बहादुर बैरागी ने गुरुदासपुर में मुगलों के सामने आत्मसमर्पण किया।
1777ः फ्रांस ने अमेरिकी स्वतंत्रता को मान्यता दी।
1779ः मराठा सरकार ने मित्रता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के कुछ गांवों को 12,000 रुपये की राजस्व क्षतिपूर्ति के लिए पुर्तगालियों को सौंपा।
1803ः ईस्ट इंडिया कंपनी ने उड़ीसा (अब ओडिशा) पर कब्जा किया।
1902ः इटली के प्रसिद्ध आविष्कारक मार्कोनी ने पहला रेडियो स्टेशन बनाया।
1907ः उग्येन वांगचुक भूटान के पहले वंशानुगत राजा बने।
1914ः पोलैंड के लिमानोव में आस्ट्रिया की सेना ने रूसी सेना को पराजित किया।
1914ः तुर्किये ने यहूदियों को तेल अवीव से खदेड़ा।
1925ः तत्कालीन सोवियत संघ और तुर्किये ने एक-दूसरे पर हमला न करने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए।
1927ः आस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज सर डान ब्रेडमैन ने अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने पहले ही मैच में शानदार 118 रनों की पारी खेली।
1929ः क्रांतिकारी भगत सिंह और राजगुरु ने अंग्रेज पुलिस अधिकारी सांडर्स को गोली मारी।
1931ः प्रोफेसर प्रशान्त चन्द्र महालनोबिस का सपना साकार। कोलकाता में भारतीय सांख्यिकी संस्थान की स्थापना।
1933ः भारत के दिग्गज क्रिकेटर लाला अमरनाथ ने अपने पदार्पण टेस्ट मैच में ही 118 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
1940ः महात्मा गांधी ने व्यक्तिगत सत्याग्रह आंदोलन स्थगित किया।
1996ः नेशनल फुटबाल लीग का शुभारंभ।
1971ः भारत-पाकिस्तान युद्ध समाप्त।
1998ः अमेरिकी और ब्रिटिश बम वर्षक विमानों ने 'आपरेशन डेजर्ट फाक्स' के तहत इराक पर भारी बमबारी की।
2000ः भारत और पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष मुख्यालयों में हॉटलाइन पुन: शुरू।
2002ः तुर्किये ने कश्मीर मुद्दे पर भारत का समर्थन किया।
2005ः भूटान के राजा जिग सिगमे वांचुक को सत्ता से हटाया गया।
2008ः शीला दीक्षित ने दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
2014ः अमेरिका और क्यूबा ने 55 साल बाद दोबारा कूटनीतिक संबंधों को बहाल किया।
जन्म
1556ः बादशाह अकबर के दरबार के प्रसिद्ध कवि रहीम।
1869ः क्रांतिकारी लेखक, इतिहासकार और पत्रकार सखाराम गणेश देउसकर।
1903ः हिन्दी के प्रसिद्ध नाटककार लक्ष्मी नारायण मिश्र। मिश्र का हिन्दी के एकांकीकारों में विशेष स्थान है।
1905ः भारत के पहले मुस्लिम मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद हिदायतुल्लाह।
1955ः कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार।
1972ः भारतीय फिल्म अभिनेता जॉन अब्राहम।
निधन
1645ः मुगल सम्राट जहांगीर की पत्नी नूरजहां।
1927ःभारत के अमर शहीद प्रसिद्ध क्रांतिकारी राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी।
1959ः प्रसिद्ध भारतीय स्वतंत्रता सेनानी, गाधीवादी और पत्रकार भोगराजू पट्टाभि सीतारामैया।
2019ः भारतीय सिनेमा और रंगमंच के प्रसिद्ध अभिनेता श्रीराम लागू।
2020ः दिल्ली घराने के प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक इकबाल अहमद खान।
2020ः भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता सत्यदेव सिंह।

Top