मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कठोर यातायात नियम को बताया जरूरी
गुवाहाटी, 21 नवंबर (हि.स.)। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान इलाके में बीते दिनों हुए भयावह सड़क हादसे, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गयी थी, को लेकर राज्य सरकार ने बेहद कड़ा कदम उठाया है। इसे लेकर वाहन चालक, वाहन मालिकों की ओर से कई तरह की आपत्ति उठायी जा रही है। इसको लेकर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा लगातार अपनी प्रशासनिक कदम उठाने की बातें करते आ रहे हैं।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने शनिवार तड़के सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि लोगों के मन में यह सवाल उठ सकता है कि "बड़ी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होती है तो, हेलमेट न पहनने वाले को क्यों जुर्माना लगाया गया? थोड़ा-थोड़ा शराब पीकर गाड़ी चलाने पर भी भारी जुर्मान क्यों देंगे? क्या सरकार जुर्माने के नाम पर सिर्फ आमदनी एकत्र कर रही है?"
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दिनों हमने ऐसे कई सवाल देखे हैं। भारत के वाहन नियंत्रण कानून आमतौर पर सुधारात्मक सोच के आधार पर सजा निर्धारित करता है। मतलब हमें सचेत करना ताकि भविष्य में ऐसे गलत कामों से बचा जा सके और इसके लिए मार्ग दिखाने की कोशिश करता है। हम इसे बहाने के तौर पर लेते हैं और गलतियां बार-बार करते रहते हैं।
दुर्घटना कभी भी छोटी-बड़ी, लग्ज़री वाहन या दोपहिया वाहन जैसी नहीं होती। यह किसी भी समय हो सकती है, कभी-कभी कोई भी पक्ष गलती नहीं करता, लेकिन हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि हम कैसे दुर्घटनाओं से मुक्त रह सकते हैं या कम से कम दुर्घटना के कारण मौत जैसी आशंकाओं से बच सकते हैं।
उन्होंने कहा है कि इसलिए मैं वाहन कानून के हर पहलू की सख्ती से पालन करने की महत्ता को गंभीरता से लेता हूं, चाहे वह हेलमेट से लेकर स्पीड लिमिट डिवाइस तक हो या शराब पीकर वाहन चलाने से लेकर अधिक वजन वाला सामान ले जाने तक। चूंकि सड़कों पर दोपहिया वाहनों की संख्या ज्यादा है, इसलिए हेलमेट न पहनने के लिए जुर्माना या वाहन जब्त होने की घटनाएं ज्यादा आम हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि वाहन नियंत्रण कानून के उल्लंघन पर जुर्माने से राजस्व को बढ़ाना ही मकसद नहीं है, इसलिए हर रोज़ इस संबंध में जानकारी आपसे साझा करने की कोशिश करता हूं। सावधान रहें, अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए, समाज के लिए।
फिर कहता हूं, कुछ लोगों की गलत प्रचार की वजह से वाहन कानून को लागू करने में हम कोई ढील नहीं देंगे।