Logo
Header
img

तीन महाशक्तियों के नेताओं की बैठक विश्व शांति की दिशा में ऐतिहासिक पहल : शांता कुमार


तीन महाशक्तियों के नेताओं की बैठक विश्व शांति की दिशा में ऐतिहासिक पहल : शांता कुमार

-परमाणु हथियारों, संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक स्थिरता पर चर्चा को बताया महत्वपूर्ण-प्रधानमंत्री मोदी से बैठक का स्वागत करने और विश्व शांति की पहल को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह

शिमला, 21 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने अमेरिका, चीन और रूस के प्रमुख नेताओं डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन की एक साथ हुई बैठक को अंतरराष्ट्रीय महत्व की ऐतिहासिक घटना बताया है। उन्होंने कहा कि तीनों नेताओं ने परमाणु हथियारों, संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। विश्व शांति की दृष्टि से यह बैठक महत्वपूर्ण है।

शांता कुमार ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि दुनिया के अनेक देशों ने विनाशकारी हथियार विकसित कर लिए हैं। कई देशों के पास परमाणु बम हैं, जबकि अनेक देश लगातार नए और घातक हथियार बनाने में जुटे हैं। ऐसी परिस्थितियों में पूरी दुनिया बारूद के ढेर पर बैठी है। कहीं से भी उठी एक चिंगारी का परिणाम समूचे विश्व के लिए विनाशकारी हो सकता है।

उन्होंने कहा कि इस गंभीर वैश्विक स्थिति में तीन प्रमुख देशों के नेताओं की बैठक से विश्व में शांति और स्थिरता कायम करने की दिशा में नई उम्मीद जगी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विश्व इतिहास में दो भीषण महायुद्ध हो चुके हैं, जिनमें भारी जन-धन की क्षति हुई थी। हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराए जाने से लाखों लोग प्रभावित हुए और दुनिया ने परमाणु विनाश का भयावह मंजर देखा। इन महायुद्धों के बाद भविष्य में युद्ध रोकने और अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र की स्थापना की गई थी।

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने एक समय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन वर्तमान में यह संगठन कमजोर दिखाई दे रहा है। इसका प्रमुख कारण यह है कि दुनिया के बड़े और शक्तिशाली देश कई बार संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों और निर्णयों के अनुरूप आचरण नहीं करते।

शांता कुमार ने कहा कि इन परिस्थितियों में तीन प्रमुख देशों के नेताओं का एक साथ बैठकर चर्चा करना ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने बैठक में विश्व शांति के लिए घोषणा-पत्र जारी किए जाने को भी महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से विशेष आग्रह किया कि वे तीनों नेताओं की इस बैठक का स्वागत करें और विश्व शांति के प्रयास को सफल बनाने के लिए भारत की ओर से पूरा सहयोग दें। उन्होंने प्रधानमंत्री से विश्व के अन्य देशों को भी इस पहल में सहयोग के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।---------

Top