यमुना के बढ़ते जलस्तर के चलते घरों व खेतों में फंसे लोगों को बचाने की प्रशासन की मुहिम बदस्तूर जारी है। गुरुवार को प्रशासन ने चांदपुर गांव में फंसे करीब 30 लोगों को रेस्क्यू करके निकाला। इन सभी लोगों को सरकारी स्कल अरुआ में भेजा गया है। रेस्क्यू किए गए लोगों में 14 बच्चे, 8 महिलाएं और अन्य शामिल हैं।
गत दिवस भी प्रशासन ने करीब 78 लोगों को रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। यमुना का पानी गांवों के साथ-साथ कालोनियों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते लोगों को अपने आशियाने छोड़ने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
यमुना से प्रभावित क्षेत्रों का गुरुवार को तिगांव क्षेत्र के पूर्व विधायक ललित नागर ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तिगांव क्षेत्र की शिव कालोनी, बसंतपुर कालोनी, शिवम एंक्लेव, इस्माइलपुर कालोनी, अजय एंक्लेव-2, गांव बसंतपुर, ददसिया, लालपुर, महावतपुर, अल्लीपुर तिलौरी, ढहकौला, मौजाबाद, अमीपुर, मंझावली आदि कालोनियों व गांवों में जाकर जलभराव क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों से रूबरू हुए। नागर ने बताया कि उपरोक्त जगहों पर करीब 5 से 8 फुट पानी पहुंच गया है, जिसके चलते लोगों को काफी नुकसान हुआ है।