Logo
Header
img

चुनाव परिणाम के बाद गठबंधन पर विचार कर सकती है आम आदमी पार्टी

अहमदाबाद, 6 दिसंबर (हि.स.)। गुजरात विधानसभा चुनाव परिणाम आने से पहले ही आम आदमी पार्टी (आप) के घोषित मुख्यमंत्री चेहरा इसुदान गढ़वी ने गुजरात में सरकार बनाने के दावे के साथ ही जरूरत पड़ने पर गठबंधन पर भी विचार करने के संकेत दिए हैं। मंगलवार को गढ़वी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि हमारे लिए खोने के लिए कुछ नहीं है। हमें तो यहां मेहनत करनी थी। लोगों के लिए आवाज उठाया। पहले चरण में पार्टी 51 से अधिक सीटें जीत सकती है। जबकि दूसरे चरण में 30 के आसपास सीट आने की संभावना है। 8 दिसंबर के दिन परिणाम आने पर ही कुछ स्पष्ट हो सकता है, लेकिन हमें विश्वास है कि पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। गढ़वी ने कहा कि आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बनने जा रही है, इसका उन्हें गर्व है। उन्होंने सवाल किया कि मतदान कम हुआ तो भाजपा को 150 से अधिक सीट कैसे मिलेंगी। कम मतदान का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि लोगों में निराशा है, इसलिए लोग बाहर नहीं निकले। लोग परिवर्तन के लिए बाहर आए। गढ़वी ने कहा कि जनता जो भी निर्णय देगी, उन्हें स्वीकार है। गठबंधन के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद पार्टी विचार करेगी। गठबंधन परिणाम के बाद की बात है। हालांकि उन्होंने गठबंधन के संबंध में साफ तौर पर कुछ नहीं कहा। आप नेता ने कहा कि हम जीत रहे हैं, सरकार बनाएंगे। गठबंधन के संबंध में पार्टी 8 दिसंबर को अपने पत्ते खोलेगी।
Top