Logo
Header
img

अफ्रीकी खेल: तीसरे दिन नाइजीरिया ने जीते छह स्वर्ण, घाना ने हासिल किये 4 पदक

घाना के अकारा में चल रहे 13वें अफ्रीकी खेलों का तीसरा दिन नाइजीरिया के लिए स्वर्णिम सफलता वाला रहा। तीसरे दिन रविवार को नाइजीरिया ने कुश्ती में 6 स्वर्ण पदक हासिल किये। वहीं, मेजबान घाना ने भारोत्तोलन और तैराकी में चार पदक जीते। आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, नाइजीरिया को कुश्ती में पहला स्वर्ण पदक मर्सी जेनेसिस ने दिलाया। जेनेसिस ने रविवार को अकरा के हाना हथरामनी हॉल में महिलाओं की फ्रीस्टाइल 50 किग्रा कुश्ती वर्ग के फाइनल में मिस्र की अब्दुल्ला मोहम्मद को हराया। जेनेसिस ने अपने प्रतिद्वंद्वी को पिनफॉल के माध्यम से हराया और खेलों में नाइजीरिया के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला बनीं। इसके कुछ ही देर बाद क्रिस्टियाना ओगुनसान्या ने भी महिलाओं की 50 किग्रा फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर कोटे डी आइवर की बकायोको सेलीन-जोसी को 11-0 से हराया। फिर, ओडुनायो एडेकुओरोये ने महिलाओं की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल में मोरोको की ज़ैनब हसौने को पिनफॉल के माध्यम से 6-0 से हराकर नाइजीरिया को लगातार तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया। एडेकुओरोये ने इससे पहले 2015 में ब्रेज़ाविले में महिलाओं की 53 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता था, इसके बाद 2019 में रबात में 57 किग्रा वर्ग में अपग्रेड होने पर उन्होंने एक और स्वर्ण हासिल किया था। इसके बाद महिलाओं की 68 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल में ब्लैडिन एनगिरी को हराकर ब्लेसिंग ओबोरुडुडु ने एक और स्वर्ण पदक हासिल किया। ओबोरुडुडु ने प्रमुख प्रतियोगिताओं में नाइजीरिया के लिए पदक जीतने का अपना लगातार सिलसिला जारी रखा है। इससे पहले उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में रजत और बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। हन्ना रूबेन और एस्तेर कोलावोले ने भी क्रमशः महिलाओं की 62 किग्रा और 76 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में नाइजीरिया के लिए स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा मेजबान घाना के लिए भारोत्तोलक विनीफ्रेड एनटुमी ने महिला भारोत्तोलन वर्ग में तीन पदक जीते। 21 वर्षीय खिलाड़ी एनटुमी ने कुल 45 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में स्वर्ण और इसके बाद क्रमशः 49 किग्रा स्नैच और 49 किग्रा क्लीन एंड जर्क वर्ग में दो रजत पदक जीते। उसी दिन, घाना के 23 वर्षीय तैराक अबेइकु जैक्सन ने 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक जीता।
Top