भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि अग्निवीर योजना पर लगातार भ्रामक वातावरण बनाने वाली कांग्रेस सच्चाई से लोगों को भटकाने के काम में लगी है। सेना को 70 सालों से हाशिये पर रखकर उनकी जरूरत और रक्षा क्षेत्र की अनदेखी करने वाले दल को आज सेना की याद आने लगी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अग्निवीर योजना से युवाओं को रोजगार के चौगुने अवसर हासिल होंगे। इससे सैन्य क्षमता में वृद्धि के साथ ही अधिक सक्षम जवानों और जागरूक नागरिक देश को मिलेंगे। सेना की औसत आयु को कम कर यह योजना भारतीय सेना की क्षमता में वृद्धि करने वाली है। अग्निवीर योजना को लेकर भी बिना किसी तथ्यात्मक जानकारी, तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव के कांग्रेस महज हौव्वा खड़ा करने की फिराक में है। विशेषज्ञों के लंबे विमर्श के बाद इस योजना को अमल में लाया गया है और अभी इसके नतीजे आने है।
भाजपा अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि अग्निवीर जैसी योजनाएं यूरोप,अमेरिका,चीन आदि तमाम देशों में लागू है और किसी भी आधुनिक सैन्य मजबूती की अहम कड़ी है। निर्णायक सैन्य सुधार की जरूरत को कांग्रेस की सरकारों में भी महसूस किया गया था, लेकिन उनमें नैतिक बल नहीं था।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन के 70 वर्षों में कभी वन रैंक वन पेंशन को लागू नही किया। भारतीय सेना आज साधन संपन्न और हथियारों से सुस्सजित होने के साथ निर्णय लेने मे भी सक्षम है। सरहदों पर रहने वाले सैनिकों को लेकर सरकार फ़िक्रमंद है। परिजनों को तमाम सुविधाएं देने की दिशा में जमीनी स्तर पर कार्य होता है, जबकि पूर्व में सैनिकों को वह सम्मान नही मिलता था, जिसके वह हकदार थे। कांग्रेस ने एक नही कई मौकों पर सैनिकों का अपमान और मनोबल को तोड़ने का कार्य किया। आज यही वजह है कि सैनिकों और देश सहित पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। कांग्रेस इस उपलब्धि को पचा नही पा रही है और देश की छवि को खराब करने के लिए हथकंडे अपना रही है।