Logo
Header
img

एनएच-37 से होकर इंफाल घाटी के लिए वैकल्पिक मार्ग खोला गया

इंफाल, 16 मई (हि.स.)। जातीय हिंसा प्रभावित मणिपुर के कांगपोकपी जिले में अशांति के बीच इंफाल घाटी में दवा और राशन जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई थी। इसे सुचारू करने के लिए मणिपुर पुलिस और नागरिक प्रशासन के साथ असम राइफल्स (एआर) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के माध्यम से इंफाल घाटी में आपूर्ति के मार्ग के लिए एक वैकल्पिक रास्ते को खोल दिया है। 

 असम रायफल्स के सूत्रों ने मंगलवार को बताया है कि असम से इंफाल घाटी तक सिविल वाहनों, माल ढोने वाले ट्रकों और तेल टैंकर इस अतिरिक्त मार्ग का बड़े पैमाने पर उपयोग कर रहे हैं। एनएच-37 के साथ चलने वाले वाहनों के चालकों ने नोनी से इंफाल घाटी तक सुरक्षित मार्ग प्रदान करने के लिए असम राइफल्स और नागरिक प्रशासन को धन्यवाद दिया। उल्लेखनीय है कि हिंसा प्रभावित मणिपुर में मुख्य मार्ग से होकर आवाजाही करने वाले वाहनों को कई स्थानों पर रोक दिया गया था। जिसके चलते राज्य में आवश्यक वस्तुओं की कमी होने की स्थिति उत्पन्न होने लगी थी।

 ट्रकों के काफिले को रोकने से वापस लौटना पड़ा था। ऐसे में सुरक्षा एजेंसिया और नागरिक प्रशासन के संयुक्त प्रयास से सामानों की आपूर्ति को बहाल करने के लिए वैकल्पिक रास्ता खोल दिया है।
Top