राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया गया
लुधियाना, 10 अगस्त 2026 राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत आज जिला लुधियाना में विशेष अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत 1 से 19 वर्ष की आयु के 7.19 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली निःशुल्क खिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य बच्चों को आंतों के कृमि संक्रमण से बचाना तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना है।
इसी अभियान के तहत सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल, गोबिंद नगर, लुधियाना में भी बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां एवं सिरप निःशुल्क दिए गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों एवं स्कूल स्टाफ को कृमिनाशक दवा के महत्व, व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने तथा स्वस्थ आदतों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए डॉ. हरप्रीत सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी, लुधियाना ने बताया कि नियमित रूप से कृमिनाशक दवा लेने से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार होता है तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में भी सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र बच्चों तक कृमिनाशक दवा की पहुंच सुनिश्चित करना है।
डॉ. हरप्रीत सिंह ने अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा कृमिनाशक दवा लेने से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को एल्बेंडाजोल की दवा लेने से रह गए हैं, उनके लिए 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान छूटे हुए सभी पात्र बच्चों को कृमिनाशक दवा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस अवसर पर राजिंदर सिंह, डिप्टी मास मीडिया ऑफिसर, मनोज कुमार, डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंटरी); खुशविंदर पाल सिंह; अमरजीत कौर; डॉ. अमनदीप कौर, मेडिकल ऑफिसर (RBSK); डॉ. गुरप्रीत सिंह, मेडिकल ऑफिसर (RBSK); तथा मनिंदर सिंह, फार्मासिस्ट (RBSK) भी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला वासियों से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए अपना सहयोग जारी रखें तथा 17 अगस्त के मॉप-अप दिवस के दौरान 10 अगस्त को दवा लेने से रह गए सभी पात्र बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य दिलवाएं।