Logo
Header
img

बनकोडा में तनाव के बाद संभागीय आयुक्त की आमजन से शांति बनाए रखने की अपील

जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के बनकोड़ा गांव में बुधवार शाम को समुदाय विशेष के युवक द्वारा कॉलेज से आ रही एक युवती के साथ छेड़छाड़ के बाद साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। तनाव के मद्देनजर दोवड़ा थाना सहित आसपुर, साबला व जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता गांव में तैनात किया गया। गुरुवार को संभागीय आयुक्त नीरज कुमार पवन व आईजी एस. परिमाला ने क्षेत्र में हालात का जायजा लिया।


बुधवार देर शाम को बनकोडा गांव में एक युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया। घटना के बाद संभागीय आयुक्त नीरज कुमार पवन और आईजी एस. परिमाला देर रात से ही आसपुर में डेरा डाले हुए हैं। संभागीय आयुक्त पवन ने कहा कि सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और धार्मिक स्थल पर आगजनी की घटना महज एक अफवाह है। किसी भी धार्मिक स्थल पर आगजनी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और तीन बाइक जलाने के भी कोई साक्ष्य नहीं मिले है। उन्होंने बताया कि आसपुर उपखंड क्षेत्र सहित पूरे जिले में शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने आमजन से अफवाहों पर ध्यान नही देने व शांति बनाए रखने की अपील की है।


आईजी एस. परिमाला ने बताया कि मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पुलिस और प्रशासन की पूरी नज़र है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवती से छेड़छाड़ करने वाले तीनों आरोपित पुलिस की गिरफ्त में है। साथ ही गल्ला जलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने आला अधिकारियों के साथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया तथा आमजन को अफवाहों पर ध्यान न देने व शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के साथ बैठक कर सामाजिक सौहार्द बनाये रखने एवं शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की जा रही है। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ने ऐहतियातन के तौर पर क्षेत्र में धारा 144 लगा दी है।

Top