लगातार हो रही बारिश से अररिया जिले में बहने वाली नदियों के जलस्तर में लगातार इजाफा हो रहा है।फलस्वरूप नदी से सटे गांवों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो रहे हैं।इस बाबत अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने जिला प्रशासन से पूरे जिले में सर्वेक्षण कराकर पानी में फंसे पीड़ितों के लिए राहत की मांग की है।
सांसद ने कहा कि परमान, बकरा, नूना, भलुआ, सुरसर आदि नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। बाढ़ की चपेट में अररिया, जोकीहाट, पलासी, कुर्साकांटा, फारबिसगंज प्रखंड सहित नरपतगंज प्रखंड के उत्तरी हिस्सों में स्थित कई गॉव हैं, जिले के लगभग सौ गॉवों में बाढ़ का पानी जनजीवन को प्रभावित कर चुका है।
सिकटी और कुर्साकांटा सहित कई गॉवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने जिलाधिकारी एवं आपदा विभाग से जुड़े अधिकारियों को हाई अलर्ट मोड पर रहने का सख्त दिशा निर्देश दिया है।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल पदाधिकारी को अविलंब बाढ़ प्रभावित परिवारों का सर्वेक्षण कर राहत कैंप तक पहुंचा कर राहत कैम्प चलाएं। जन- जीवन को सामान्य बनाने की दिशा में बाढ़ ग्रसित इलाकों में अतिशीघ्र पर्याप्त नाव की व्यवस्था करने एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया है।