- बाढ़ खंड कार्यालय की महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता पर लगाया था आरोप
बाढ़ खंड कार्यालय की महिला कर्मचारी को अश्लील मैसेज भेजने के आरोपित बाढ़खंड के अधिशासी अभियंता से पूछताछ के लिए पुलिस तलाश रही है। मामले की जांच कर रहे निरीक्षक शुक्रवार को बाढ़खंड स्थित उनके कार्यालय भी गए। उनके न मिलने पर पुलिस ने एक नोटिस उनके कार्यालय पर चस्पा कर दिया है। इसमें आरोपित अधिशासी अभियंता से जल्द सिविल लाइंस थाने पहुंच कर बयान दर्ज कराने को कहा गया है। ऐसा न करने पर कड़ी विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पिछले दिनों बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता एपी सिंह पर उन्हीं के कार्यालय की एक महिला कर्मचारी ने अश्लील मैसेज भेजने, छेड़छाड़ करने, उत्पीड़न करने और विरोध करने पर जानमाल की धमकी देने के आरोप में सिविल लाइंस थाने में बीते दिनों सात जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया है। इसके बाद से पुलिस उन्हें तलाश रही है। पुलिस इसके लिए बाढ़खंड स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय भी गई थी, जहां वह मौजूद नहीं मिले। पुलिस ने वहां मौजूद स्टाॅफ से पूछताछ की तो बताया गया कि वह दर्ज मुकदमे की तारीख से कार्यालय नहीं आ रहे हैं।
इसके बाद से निरीक्षक मेघपाल सिंह ने उनके कार्यालय पर नोटिस चस्पा कर दिया है। जिसमें जल्द बयान दर्ज न कराने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।