Logo
Header
img

अवंतिका तीन लोक से न्यारी, इस अदभुत नगरी में सब कुछ अलौकिक: शिवराज

भोपाल, 22 मार्च  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज उज्जयिनी का जन्म उत्सव है। अवन्तिका नगरी तीन लोक से न्यारी और प्यारी है। उज्जयिनी नगरी अलौकिक और अदभुत नगरी है, जो अपनी संस्कृति और परम्परा को सहेजे हुए है। यहां आकर हमेशा एक अदभुत और दिव्य अनुभव होता है। हमें यह याद रखना चाहिये कि हमारी संस्कृति हजारों वर्ष पुरानी है। सनातन नया वर्ष आज से प्रारम्भ हो रहा है और इसी दिन को वर्ष 2005 से हमने विक्रमोत्सव मनाना शुरू किया था। आज ही के दिन अवन्तिका का गौरव दिवस मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान बुधवार शाम को उज्जैन के गौरव दिवस तथा भारत उत्कर्ष नवजागरण और वृहत्तर भारत की सांस्कृतिक चेतना पर एकाग्र विक्रमोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पार्श्व गायक शान और उनके दल की भव्य संगीत निशा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन की अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है जो युगों से पल्लवित होती रही है। युग बदलते गये और उज्जैन को उज्जयिनी, अवन्तिका, कनकश्रृंगा आदि नामों से जाना जाता रहा है। पार्वती मां के कहने पर भगवान शिव ने उज्जयिनी नगरी बसाई थी। इसीलिये उज्जयिनी नगरी को विशाला भी कहते हैं। जुलाई तक पूरा होगा श्रीमहाकाल लोक का दूसरा चरण चौहान ने कहा कि उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक के निर्माण से न केवल मध्यप्रदेश अपितु देश में उज्जैन का नाम गौरवांवित हुआ है। विदेशी पर्यटक भी उज्जैन आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जुलाई माह तक श्रीमहाकाल लोक का दूसरा भाग तैयार हो जायेगा। यह नया मध्यप्रदेश है। श्रीमहाकाल लोक के बाद ओरछा में श्रीराम लोक, चित्रकूट में वनवासी लोक और सलकनपुर धाम में देवी लोक बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने गौरव दिवस पर जय श्रीमहाकाल स्तुति गीत के पूर्ण संस्करण को लांच कर बाबा महाकाल को समर्पित किया। प्रख्यात बॉलीवुड सिंगर पद्मश्री कैलाश खेर, पद्मश्री शंकर महादेवन, पद्मश्री सोनू निगम एवं अरिजीत सिंह ने गीत में अपनी आवाज दी है। संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग और श्रीमहाकाल मंदिर न्यास द्वारा यह गीत तैयार कराया गया। मुख्यमंत्री ने उज्जयिनी गौरव रत्न सम्मान प्रदान किया मुख्यमंत्री ने गौरव दिवस विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विख्यात विभूतियों को उज्जयिनी गौरव रत्न सम्मान प्रदान किया। सम्मान में शाल एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान किये। चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर डॉ. सीएम पौराणिक, शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. रामराजेश मिश्र, साहित्य के क्षेत्र में शिव चौरसिया, विधि के क्षेत्र में कुलदीप भार्गव, अभियांत्रिकी के क्षेत्र में श्रीकान्त वैशंपायन, ज्योतिष के क्षेत्र में शिवेंद्र चंद्र द्विवेदी, उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में मुकेश रांका तथा खगोलशास्त्र के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये घनश्याम रत्नानी को सम्मान प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग द्वारा स्थापित वेदव्यास सम्मान, वर्ष 2019-20 के लिये अंकुर एजुकेशन अल्टरनेटिव सोसायटी के प्रभात कुमार झा और सुशीला को प्रदान किया। वर्ष 2020-21 का वेदव्यास सम्मान आर. बालाशंकर नई दिल्ली और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सम्मान बालगोकुलम संस्था केरल के बाबूलाल जी एवं टी. शिवकुमार को प्रदान किया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक नये भारत का उदय हुआ है मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हर वर्ष अंग्रेजी कैलेण्डर के अनुसार नया साल मनाते हैं। हम अपने वर्ष प्रतिपदा, गुड़ी पड़वा एवं विक्रम संवत को भूल चुके थे। यह दर्द मुझे हमेशा रहता था कि हम प्राचीन इतिहास को भूलने लगे हैं। इसलिये मैंने तय किया कि हर वर्ष गुड़ी पड़वा एवं नव संवत्सर पर्व को पूरी परम्परा के साथ मनाया जायेगा और प्राचीन भारत के गौरव को पुन: स्थापित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नये भारत का उदय हुआ है। भारत की कीर्ति चहुँओर फैल रही है। उन्होंने कहा कि हमने अपने गौरव को पुन: स्मरण करने के लिये गुड़ी पड़वा पर अवकाश भी घोषित किया हुआ है। पुस्तकों एवं कैलेण्डर का विमोचन मुख्यमंत्री चौहान ने गौरव दिवस पर चार पुस्तक का विमोचन किया। इसमें अयोध्या, सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण, सम्राट विक्रमादित्य एवं जल परम्पराएँ पुस्तक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने नव संवत्सर के कैलेण्डर का भी विमोचन किया। उज्जैन के गौरव दिवस पर भव्य एवं रंगारंग आतिशबाजी की गई। उज्जैन को स्वच्छता में नम्बर वन बनाने का संकल्प दिलाया मुख्यमंत्री ने नागरिकों का आव्हान किया कि वे उज्जयिनी को स्वच्छ एवं साफ बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें। उन्होंने उज्जैनवासियों को संकल्प दिलाया कि वे इस वर्ष उज्जैन को स्वच्छता में नम्बर एक जिला बनायेंगे। उन्होंने स्वच्छ प्रतियोगिता आयोजित करने के भी निर्देश दिये। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन एवं बहादुर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
Top