Logo
Header
img

बलिया: निकाय चुनाव में सपा की अंदरूनी कलह सतह पर आई

बलिया, 07 मई (हि. स.)। निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी कलह सतह पर आ गई है। पार्टी से जुड़े जिले के कद्दावर नेताओं की खेमेबाजी का आलम यह है कि कई सीटों पर बागी उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जिससे सपा कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति है।


निकाय चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की जनपदीय इकाई में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। सबसे बड़ी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए सपा के अधिकृत उम्मीदवारों की राह में बागी बने नेता ही रोड़ा बने हुए हैं। पूर्व मंत्री नारद राय सपा के उम्मीदवार लक्ष्मण गुप्ता के खिलाफ बागी प्रत्याशी संजय उपाध्याय के समर्थन में पूरे जोर-शोर से लगे हैं। संजय उपाध्याय सपा का टिकट नहीं मिलने पर चुनावी मैदान में आ गए थे। वहीं, सिकन्दरपुर नगर पंचायत में सपा ने दिनेश चौधरी को अध्यक्ष पद के लिए टिकट दिया तो पार्टी के विधायक मो रिजवी ने भीष्म यादव को खड़ा करा दिया है। मो रिजवी भीष्म यादव के लिए खुलेआम लगे हुए हैं। दोनों सीटों पर बागी उम्मीदवारों के चलते पार्टी में पैदा हुई खाई अब चौड़ी होती दिख रही है। अभी पिछले ही दिनों बेल्थरारोड में दिग्गज समाजवादी नेता रहे स्व. शारदानंद अंचल की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव में नारद राय और मो रिजवी को लेकर खरी-खरी सुना दी थी। खुले मंच से पार्टी की कलह सामने आते देख पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी ने हस्तक्षेप करना चाहा, बावजूद इसके जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव नहीं माने थे।


उन्होंने बागी उम्मीदवारों के साथ लगे अपनी ही पार्टी के नेताओं को जमकर सुनाया था। अंदरूनी कलह के इस तरह सामने आने से आम कार्यकर्ता और समर्थक असमंजस में हैं। क्योंकि बलिया नगर पालिका में संजय उपाध्याय के लिए पूर्व मंत्री नारद राय और सिकन्दरपुर में भीष्म यादव के लिए विधायक मो रिजवी भीड़ जुटाने में सफल हो रहे हैं। सपा की इस अंदरूनी लड़ाई में भाजपा उम्मीदवार अपनी सफलता खोज रहे हैं। हालांकि, 13 मई को परिणाम सामने आने पर ही यह स्पष्ट हो पायेगा कि यह बगावत कितनी भारी पड़ी है।


Top