Logo
Header
img

चूरू के सरदाशहर से विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा का निधन, 77 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

जयपुर, 9 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चूरू जिले के सरदाशहर से विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा का निधन हो गया है। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रविवार सुबह भंवरलाल शर्मा ने अंतिम सांस ली। शनिवार शाम को उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने ट्वीट कर संवेदना प्रकट की है। विधायक शर्मा पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। पहले उन्हें गुड़गांव के मदांता अस्पताल में भी भर्ती करवाया था, वहां से छुट्टी मिल गई थी। उन्हें किडनी सहित कई तरह की बीमारियां थीं। शनिवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उनका निधन हो गया। चिकित्सकों का कहना है कि बीते दिन भंवर लाल शर्मा को एसएमएस अस्पताल में लाया गया। यहां उन्हें मेडिकल आईसीयू में भर्ती किया गया था और उनके इलाज को लेकर एक चिकित्सकों की टीम भी बनाई गई थी, जो लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए थी, लेकिन उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती रही। उनके निधन पर कांग्रेस-बीजेपी के नेताओं सहित कई संगठनों ने शोक जताया है। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनके बेटे अनिल शर्मा कांग्रेस की राजनीति करते हैं और सरकार ने पिछले साल उन्हें राजनीतिक नियुक्ति दी थी। सत्रह अप्रैल 1945 को सरदाशहर के जैतसीसर गांव में पैदा हुए भंवरलाल शर्मा ने 60 के दशक में सरपंच पद से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने सियासत में पीछे मुड़कर नहीं देखा। शर्मा सरदारशहर से सात बार विधायक रहे। वे आठवीं से लेकर बारहवीं विधानसभा तक सरदारशहर से पांच बार लगातार जीते। बीच में हार गए थे। वे कांग्रेस से पहले जनता पार्टी में रहे थे। शर्मा 1985 में पहली बार विधायक बने थे। वे 1990 में राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे थे। वे विधानसभा में उप मुख्य सचेतक भी रह चुके थे। सीएम अशोक गहलोत ने विधायक भंवरलाल शर्मा के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि 'सरदारशहर (चूरू) से कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। काफी समय से वो अस्वस्थ चल रहे थे, उनके स्वास्थ्य को लेकर मैं उनके परिवारजनों के सम्पर्क में था, कल रात एसएमएस अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से जानकारी ली और परिवार से मुलाकात की थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लिखा कि राजस्थान के सरदारशहर से विधायक पं. भंवरलाल शर्मा जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। जनप्रतिनिधि के रूप में वे वंचित वर्ग के लोगों की सशक्त आवाज थे। जनहित के कार्यों के प्रति उनकी संवेदनशीलता अद्वितीय थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। परिजनों को मेरी संवेदनाएं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने कहा कि चूरू के सरदारशहर से विधायक भंवर लाल शर्मा जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे व शोकाकुल परिवारजनों को संबल प्रदान करें।
Top