भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा का प्रयोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के खिलाफ अपनी भड़ास निकालने के लिए किया है। दिल्ली की जनता से मिले इतने बड़े जनादेश का उपयोग उन्हें निरर्थक, अनर्गल और आधारहीन बातें करने के लिए नहीं करना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूरे देश में एकमात्र दिल्ली की विधानसभा ऐसी है जिसका कभी सत्रावसान नहीं होता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री इसका उपयोग दिल्ली के विषयों के लिए नहीं करते हैं। वे हमेशा इधर-उधर की बातें करते हैं। इससे उनकी प्रधानमंत्री और भाजपा के खिलाफ इर्ष्या और कुंठा साफ दिखाई देती है। उनके सवैधानिक दायित्व पर उनका अराजक चरित्र हावी हो गया है। संवैधानिक मंच का प्रयोग वे अपनी भड़ास निकालने के लिए कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि केजरीवाल सरकार ने एक बार फिर दिल्ली विधानसभा का सत्र बुलाया। इस सत्र का मुख्य विषय मणिपुर में जारी हिंसा रखा गया था। किसी दूसरे राज्य पर चर्चा को असंवैधानिक बताते हुए भाजपा के विधायकों ने विधानसभा के भीतर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद उन्हें मार्शल के माध्यम से सदन के बाहर निकलवा दिया गया।
विधानसभा से निष्कासन के बाद सदन में भाजपा विधायक दल के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में केवल दिल्ली से जुड़े विषयों की चर्चा की जा सकती है। हम दिल्ली पर चर्चा चाहते थे, दिल्ली की समस्याओं और मुख्यमंत्री केजरीवाल के शीश महल का विषय उठाना चाहते थे। पर जनहित की चर्चा से भागने वाले मुख्यमंत्री ने हमें मार्शल से कहकर बाहर निकलवा दिया। अब हम सड़क पर सारे मुद्दे उठाएंगे। निष्कासित भाजपा विधायक अभय वर्मा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा का सत्र राज्य की समस्याओं और योजनाओं पर चर्चा करने के लिए बुलाया गया था, पर मुख्यमंत्री मणिपुर पर भाषण देने लगे। दिल्ली की सड़कों का बुरा हाल है, हाल ही में दिल्ली में बाढ़ आई, पर इस सब पर चर्चा की बजाय मुख्यमंत्री गैरसंवैधानिक चर्चा करना चाहते हैं।
भाजपा विधायक ओपी शर्मा ने कहा कि केजरीवाल सरकार पूरी तरह से भ्रष्ट है। इसके अनेक मंत्री पहले से ही जेल में है। अब मुख्यमंत्री के बंगले को शीश महल बनाने का विषय सामने आया तो केजरीवाल मणिपुर का राग अलापने लगे। इस विषय पर लोकसभा में पूरी बहस हो चुकी है। सब विपक्षी दल वहां भड़ास निकाल चुके हैं और गृहमंत्री ने उन्हें भरपूर जवाब भी दिया। पर केजरीवाल दिल्ली के सदन का दुरूपयोग कर इसे अपनी भड़ास निकालने का मंच बना रहे हैं।
विधानसभा से अपने विधायकों के निष्कासन के बाद भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में विधानसभा भवन के सामने प्रदर्शन करने के लिए जुटे। सरदार आरपी सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने दिल्ली सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। केजरीवाल सरकार को भ्रष्ट और लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया।