Logo
Header
img

विपक्ष को डराने वाली भाजपा अब 'इण्डिया' से घबरा रही : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा इण्डिया के नाम से घबरा गयी है। पहले भाजपा के लोग विपक्ष को ‘इण्डिया’ नाम से डराते थे। अब क्या बात है कि वे इण्डिया नाम से डर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इण्डिया नाम अच्छा है। इण्डिया एक संदेश है। इण्डिया का संदेश डेवलपमेंट और इन्क्लूसिवनेस का है। जहां विकास की बात हो और समग्रता की बात हो तो वह हमारी सोशलिस्ट और सेकुलर प्रतिबद्धता को शामिल करता है। हमारा देश तरक्की करे। खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़े।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता इस बार भाजपा की विदाई कर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की जनता को झूठा सपना दिखाया। भाजपा ने सपना दिखाया लेकिन वह सपना जमीन पर नहीं उतरा है तो वह विकास कैसा है?

अखिलेश यादव ने कहा कि इण्डिया एलायंस की जीत तभी तय हो गयी जब भाजपा ने अपने गठबंधन की बैठक उसी तारीख में बुला ली। जनता आने वालों का इंतजार करती है। जाने वालों की विदाई करती है। भाजपा की बैठक उनका विदाई समारोह था। उन्होंने दावत की, खाना पीना किया। भाजपा की विदाई होना तय है। नया गठबंधन इण्डिया देश को नई दिशा में ले जाएगा।

उन्होंने ने कहा कि जो समस्याएं है वह जस की तस दिखाई दे रही है। बेरोजगारी, महंगाई बढ़ती जा रही है। भाजपा ने बड़ी-बड़ी बातें की। कहा गया था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। कर्नाटक में जनता ने सरकार बदल दी क्योंकि वहां 40 फीसदी कमीशन का भ्रष्टाचार था।

अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी देश ही नहीं दुनिया में भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा फैसला था। पहले 2000 रुपये का नोट लाए और फिर उसे बंद कर दिया। आज तक जानकारी नहीं दी गयी कि किन बैंकों में 2000 रुपये के नोट सबसे ज्यादा जमा हुए। अगर सरकार यह नहीं बता रही है तो इसका मतलब वह भ्रष्टाचारियों के साथ है। सच तो यह है कि देश की दो तिहाई जनता भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ है। इस बार भाजपा का सफाया करने के लिए सब एक है।


Top