निकाय चुनाव में बगावत करने वालों को बाहर का रास्ता दिखायेगी भाजपा
लखनऊ, 29 अप्रैल नगर निकाय चुनाव में पार्टी के खिलाफ जाकर काम करने और दूसरे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन करने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ भारतीय जतना पार्टी सख्त कदम उठायेगी। प्रदेश नेतृत्व ने जिला टीम को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं व कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाय। इसके बाद बगावती तेवर अपनाने वाले भाजपा के कार्यकर्ताओं से बैठकर बातचीत की जाय और अगर वह पार्टी के साथ नहीं आते हैं तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाय।
नगर निगम,नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अलावा वार्ड स्तर पर भाजपा की ओर सूची तैयार की जा रही है। इसके साथ ही पार्टी से नाराज लोगों की भी सूची तैयार हो रही है। वार्ड स्तर पर ऐसे 50 लोगों के नाम छांटे जा रहे हैं जो भाजपा से नाराज चल रहे हैं। सूची बन जाने के बाद स्थानीय विधायक व सांसद के अलावा जिले के भाजपा पदाधिकारी इन लोगों से वार्ता कर इनकी नाराजगी दूर करने का काम करेंगे।
जानकारी के अनुसार जिन जिलों में प्रथम चरण में नगर निकाय के चुनाव होने हैं वहां की सूची तैयार हो गयी है और उनसे पार्टी के नेता बातचीत भी कर रहे हैं। दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए वार्ड स्तर पर नाम छांटे जा रहे हैं। इसकी पुष्टि स्वयं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने की है।