Logo
Header
img

वाराणसी जिला योजना समिति के चुनाव में भाजपा का परचम लहराया

वाराणसी, 26 जून (हि.स.)। जिला योजना समिति के सामान्य निर्वाचन 2023 में भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया है। रविवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से निर्विरोध 12 सदस्य निर्वाचित हुए। वहीं, पिछड़ी जाति महिला में भाजपा की इंदिरा रानी ने 76 मत प्राप्त कर कांग्रेस प्रत्याशी शबाना को हराया। इस जीत पर भाजपा में उत्साह की लहर है। भाजपा के महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने जीत पर कहा कि इससे ट्रिपल इंजन की सरकार और तेजी से काम करेगी। महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है। महापौर सहित भाजपा के पदाधिकारियों ने जिला योजना के चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत पर खुशी जताई। महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय तथा जिला अध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा के नेतृत्व में रणनीति बनाकर लड़े गये जिला योजना समिति के चुनाव में निर्वाचित सदस्यों में अनुसूचित जाति महिला से रीना सोनकर, अनुसूचित जाति से राजेश कुमार कनौजिया व लल्लन, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला से इंदिरा रानी, अन्य पिछड़ा वर्ग से विवेक चंद्र तथा अभय कुमार प्रजापति, अनारक्षित वर्ग महिला से नगर पंचायत गंगापुर की कोमल देवी, कनक लता मिश्रा व संजू सरोज, अनारक्षित वर्ग से रोहित कुमार मिश्रा, राजेश कुमार यादव, संदीप रघुवंशी तथा इंद्रेश सिंह निर्वाचित हुए। इस बड़ी जीत पर जगदीश त्रिपाठी नवीन कपूर, अशोक पटेल, राहुल सिंह, एडवोकेट अशोक कुमार, पार्षदगण नरसिंह दास, उपसभापति सुरेश चौरसिया, मीडिया प्रभारी किशोर सेठ आदि ने भी हर्ष जताया है।
Top