Logo
Header
img

प्रदेश में ब्यूरोक्रेटिक डिजास्टर : दसौनी

शासन में बैठे अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर पद की विश्वसनीयता का मजाक उड़ाया है। यह आरोप कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने लगाया है। कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि उत्तराखंड में ब्यूरोक्रेटिक आपदा आ गई है। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा जनपद के जिला पंचायती राज अधिकारी के जारी किए गए पत्र, जिसमें किसी कार्यक्रम के बाबत अपने मातहतों को आदेशित करते हुए यह कहा गया है कि उक्त कार्यक्रम की सूचना एक राजनैतिक दल विशेष के जिलाध्यक्ष को उपलब्ध कराई जानी है, यह अचंभित और हतप्रभ करने वाला है।

उन्होंने कहा कि यह पत्र ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने जारी किया है, जिसमें वह मंत्री सतपाल महाराज का बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का भ्रमण कार्यक्रम जारी कर रहे हैं, लेकिन कार्यक्रम की सूचना प्रतिलिपि भाजपा के मंडल अध्यक्षों जिला अध्यक्षों ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष आदि को प्रेषित की गई हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री पूरे प्रदेश का होता है और मंत्री और अधिकारी दोनों ही जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं ना कि एक दल विशेष के प्रति।

उन्होंने कहा कि सरकार के अधिकारी पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। यह एक गम्भीर ब्यूरोक्रेटिक डिजास्टर यानी लोकसेवक आचरण की आपदा के मामले जैसा है, जिस पर तात्कालिक विमर्श की जरूरत है।


Top