कांग्रेस ही भाजपा के भ्रष्टाचार व जनविरोधी नीतियों का मुकाबला करने में सक्षम : मनोज राठी
कांग्रेस नेता मनोज राठी ने कहा है कि केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी व भ्रष्टाचार वाली नीतियों का कांग्रेस ही मुकाबला करके जनता को सुशासन दे सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा के नेतृत्व में वे कांग्रेस में शामिल हुए हैं और पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।
मनोज राठी ने बुधवार को कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी है। चाहे केन्द्र की भाजपा सरकार हो या हरियाणा की भाजपा सरकार, दोनों सरकारों ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, रोजगार समाप्त कर दिया, किसान विरोधी व जनविरोधी नीतियां अपनाई और जनता को अपने रहमो-करम पर छोड़ दिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का यह बयान कितना दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे हर नागरिक को सुरक्षा नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का ऐसा कहना अपनी सरकार की विफलता को दर्शाता है और जो मुख्यमंत्री अपराध पर रोक लगाकर जनता को सुरक्षा न दे सके, उसे इस पद पर बैठने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि मनोहर लाल खट्टर के शासन में भ्रष्टाचार व अपराध बढ़ा है, नौकरियां कम हुई है, अपराध बढ़ा है, एचकेआरएन के नाम पर युवाओं का शोषण हुआ है और नौकरियां देने में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। इसी तरह केन्द्र की भाजपा सरकार ने अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति लागू कर रखी है, विरोधियों को ईडी व सीबीआई से दबाया जा रहा है और उन्हें कमजोर किया जा रहा है ताकि खुद को मजबूत दिखाया जा सके।