Logo
Header
img

मनोहर हत्याकांड : पुलिस ने पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे भाजपा नेताओं को रोका

चम्बा,16 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सलूणी उपमण्डल में हुए मनोहर लाल हत्याकांड को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को मृतक मनोहर के परिजनाें से मिलने जा रहे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर औऱ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिन्दल को जिला पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से गुस्साए ठाकुर और बिन्दल सहित भाजपा के तमाम कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा नेता बिंदल कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मृतक मनोहर के परिजनों से मिलने के लिए उसके आवास की ओर जा रहे थे। पुलिस ने भाजपा नेताओं को चमेरा बांध पर रोक दिया है। इसके बाद ठाकुर और बिन्दल सहित भाजपा के तमाम कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। ठाकुर इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए एनआईए जांच की मांग कर चुके हैं। हत्याकांड को लेकर जिला मुख्यालय पर आज भी विभिन्न संगठन धरना प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जाहिर कर रहे हैं। दरअसल, सलूणी उपमंडल के आती भांदल पंचायत निवासी मनोहर लाल बीते 6 जून से लापता था। 9 जून को उसकी लाश नाले में पड़ी एक बोरी से बरामद हुई। शव के 7-8 टुकड़े किये गए थे। पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्त परिवार के पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी लोग एक धर्म विशेष के हैं। इस घटना के बाद हिन्दू संगठन उग्र हो गए हैं। गुस्साई भीड़ ने गुरुवार को आरोपितों के दो मकान को आग के हवाले कर दिया था। मनोहर अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। लोग पीड़ित परिवार के लिए न्याय हैं और आरोपियों को फांसी पर लटकाने की मांग कर रहे हैं। मृतक मनोहर की मां ने मीडिया से अनौपचारिक वार्ता में बताया कि उनके बेटे के हत्यारों को मृत्यु दंड से कम की सजा नहीं मिलनी चाहिए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार से इलाके में धारा 144 लगा दी है। एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर अभिषेक त्रिवेदी ने हत्या की प्रारम्भिक वजह का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक का आरोपित परिवार की लड़की से प्रेम सम्बंध थे। इस पर आरोपित के परिवार को एतराज था। आरोपित परिवार ने युवक को घर बुलाकर मौत के घाट उतार दिया है। उन्होंने बताया कि हत्याकांड में संलिप्त परिवार के पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट से आरोपितों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की जाएगी। भाजपा की इस घटना के तार आतंकवादियों से जोड़ने के सवाल पर एडीजीपी का कहना है कि यह जांच का विषय है। आरोपितों के पिछले आपराधिक रिकार्ड को भी खंगाला जा रहा है।
Top